बिरसा जयंती पर उलिहातू पहुंचेंगे सीएम और केंद्रीय मंत्री, तैयारियां पूरी
Jharkhand Desk: 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ है. इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू जाएंगे. जहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना से संबंधित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
![]()
डीसी ने कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीसी आर. रॉनीटा ने जिले के अधिकारियों के साथ उलिहातू का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान डीसी ने कार्यक्रम स्थल पर टेंट, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए.
डीसी आर. रॉनीटा ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात कर कार्यक्रम से संबंधित जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि यह अवसर झारखंड राज्य एवं भगवान बिरसा मुंडा की महान विरासत को स्मरण करने का गौरवपूर्ण क्षण है. इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूर्ण कर कार्यक्रम को सफल बनाएं. इस निरीक्षण के दौरान एसपी मनीष टोप्पो, डीडीसी आलोक कुमार, डीएसपी वरुण रजक, परियोजना निदेशक आइटीडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, पुलिस पदाधिकारीगण एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.







