केंद्रीय बजट और अमेरिका भारत ट्रेड डील को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार की आलोचना की, कहा- भारत सरकार ने जो बजट पेश किया है क्या उससे विकास हो जाएगा? देश में भुखमरी हो जाएगी...
Ranchi: मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार जगत का क्या होगा, यह तो व्यापारी ही बता सकते हैं, लेकिन असल में, हम, जो किसानों, मजदूरों, व्यापार वगैरह को देखते हैं, केंद्र सरकार की नीति के नतीजे भुगतेंगे...
Feb 6, 2026, 10:39 IST
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय बजट को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की. कैबिनेट बैठक के बाद झारखंड मंत्रालय में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि भारत सरकार ने जो बजट पेश किया है क्या उससे विकास हो जाएगा?
उन्होंने कहा कि इससे देश में भुखमरी हो जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि कृषि, जो इस देश का एक मजबूत स्तंभ रहा है, उसे भी विदेशी बाजारों के लिए खोल दिया गया है. क्या घरेलू औजार विदेश से आने वाले कृषि संयंत्र और औजार के सामने टिक पाएंगे?
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार जगत का क्या होगा, यह तो व्यापारी ही बता सकते हैं, लेकिन असल में, हम, जो किसानों, मजदूरों, व्यापार वगैरह को देखते हैं, केंद्र सरकार की नीति के नतीजे भुगतेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि उनकी नीतियों पर बात करने पर मनाही होती है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नीतियों का असर पूरे देश और दुनिया में महसूस किया जाएगा. मौजूदा सरकार के कदमों का असर देश के किसानों, मजदूरों और छोटे और मझोले उद्योगों पर पड़ेगा. आदिवासी और दलित समुदाय तो पहले से ही इनके मुख्य टारगेट थे.
मुख्यमंत्री ने महंगाई की स्थिति पर सवाल उठाते हुए पूछा, "कोयले खनिजों के मंहगे होने की बात छोड़िए, क्या पढ़ाई का सामान और खाने की चीजें सस्ती हैं? अभी तो इसका प्रभाव आने दीजिए, फिर देखिए क्या होता है."
हाल ही में असम के दौरे से लौटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वहां के आदिवासियों की हालत पर चिंता जताते हुए कहा, "ऐसा लगता है जैसे हम अभी तक गुलामी के चंगुल से बाहर नहीं निकले हैं.
देश की आजादी से पहले से वहां रह रहे लोग आज भी अपनी मान्तया और अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, और अगर वे आवाज उठाते हैं, तो मारे जाते हैं. ऐसा लगता है जैसे देश के अंदर ही एक अलग तरह का देश चल रहा है." मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां की स्थिति ठीक नहीं हैं.







