झारखंड के 11 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, बच्चे-बुजुर्ग रहें सावधान! पहाड़ों की हवा से कांप रहा प्रदेश
Jharkhand Desk: झारखंड में अचानक ठंड ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है. हिमालय से आने वाली उत्तरी ठंडी हवाओं के असर से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है. झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के जिले जैसे खूंटी, लातेहार, लोहरदगा में ठंड कहर बरपा रही है. यहां की ठंड ऐसा है कि मानो आप झारखंड नहीं, शिमला में हों. अचानक से न्यूनतम तापमान में भी 24 घंटे के अंदर ही 4 डिग्री तक की गिरावट ने लोगों की हालत पतली कर रखी है. वहीं, आने वाले 3 दिनों तक ऐसे ही स्थिति बनी रहेगी.
आज 11 जिलों शीतलहर का अलर्ट
आज खासतौर पर झारखंड के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, गुमला, सिमडेगा,चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में खास तौर पर सुबह और शाम के वक्त जबरदस्त शीतलहर चलेगी व न्यूनतम तापमान भी 6 से 7 डिग्री रहने की संभावना है. ऐसे में खासतौर पर बच्चें और बुजुर्ग काफी सतर्क रहें.
सीधा 4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान
झारखंड के लगभग हर एक जिले में पहले के मुकाबले खासतौर पर शाम के 6:00 बजे के बाद ही अच्छी खासी कंपकपी हवा ने हाल बेहाल कर रखा है. दरअसल, न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली रही है. जहां 24 घंटे पहले तक 10 से 12 डिग्री यह देखी जा रही थी. वहीं, अब यह 7 से 8 के बीच है.
मॉर्निंग वॉक करने वाले रहें सावधान
नवंबर के दूसरे हफ्ते में ही ठंड का कैसा हाल है कि लोग अब मॉर्निंग वॉक करने के लिए सुबह 7:00 बजे निकल रहे हैं. क्योंकि, सुबह में अच्छी खासी ठंडी हवा और कुहासा की वजह से लोगों की निकालने की हिम्मत नहीं हो रही है. लोग धूप में ही वॉकिंग करना पसंद कर रहे हैं.
जानें पिछले 24 घंटे का हाल
वहीं, पिछले 24 घंटे की बात करें, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री खूंटी का दर्ज किया गया है. वहीं, सबसे अधिकतम तापमान 30 डिग्री चाईबासा का दर्ज किया गया. आने वाले 17 तारीख तक कुछ ऐसी ही झारखंड में मौसम की स्थिति बनी रहेगी.







