उत्तर से उत्तर-पश्चिम तक ठंड का कहर, दिल्ली में सीजन की सबसे सर्द सुबह; 17 जनवरी तक शीतलहर और कोहरे का अलर्ट
Jharkhand News: उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में ठंड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ी राज्यों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। मौसम विभाग ने 17 जनवरी तक उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में शीतलहर और कोहरा जारी रहने की संभावना जताई है।
शनिवार को दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। तापमान में आई तेज गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग ने राजधानी के लिए दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार और राजस्थान के कई इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बनी रही।
कई राज्यों में कंपकंपी, पहाड़ों पर पाला
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, झारखंड और ओडिशा में शीतलहर के चलते कंपकंपी जैसी स्थिति रही। उत्तराखंड के कई इलाकों में पाला पड़ने की खबर है। राजस्थान के भी अनेक हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे।
रविवार को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शीत दिवस की स्थिति बनने के आसार हैं। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 12 से 17 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में बढ़ा शीतलहर का खतरा
राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से बादलों की परत और घने कोहरे के कारण धूप कमजोर रही, जिससे दिन का तापमान नीचे बना रहा। हालांकि अब न्यूनतम तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते तीन दिनों में रात के तापमान में तेजी से कमी आई है, जिससे शीतलहर का खतरा बढ़ गया है।
चार दिन में चार डिग्री लुढ़का पारा
शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। यह इस सर्दी का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान माना जा रहा है। बीते चार दिनों में न्यूनतम तापमान करीब चार डिग्री तक गिर चुका है।
सुबह के समय दिल्ली में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। पालम क्षेत्र में सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता महज 50 मीटर रही, जो साढ़े आठ बजे बढ़कर 100 मीटर तक पहुंची। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में सुधार देखा गया। सफदरजंग केंद्र में अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं आर्द्रता का स्तर 44 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल राहत के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा लोगों को और सताने वाला है।







