Newshaat_Logo

बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश: कार से रेकी कर रहे थे अपराधी, पिस्टल और कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार...

Ranchi: तलाशी के दौरान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसके मैगजीन में 6 राउंड जिंदा गोलियां भरी हुई थीं. इसके अलावा कार की तलाशी लेने पर 2 लोहे की कुल्हाड़ी, 1 लोहे का बेसबॉल स्टिक, 1 लकड़ी का बेसबॉल स्टिक, 5 मोबाइल फोन, 1 टैब और मारुति स्विफ्ट कार बरामद किया गया है.
 
JHARKHAND

Ranchi: राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लोडेड देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और अन्य खतरनाक हथियार बरामद किए गए हैं.

Ranchi Crime News

जानकारी के अनुसार रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को 3 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद सूचना के सत्यापन और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी के पास स्वर्ण रेखा नदी के किनारे संदिग्ध नीले रंग की स्विफ्ट कार (JH01DP-3458) को घेराबंदी कर पकड़ा. कार में तीन युवक सवार थे, जिनकी पहचान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, गुड्डू उर्फ राकेश रंजन और रोहित महली के रूप में हुई है.

रांची पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसके मैगजीन में 6 राउंड जिंदा गोलियां भरी हुई थीं. इसके अलावा कार की तलाशी लेने पर 2 लोहे की कुल्हाड़ी, 1 लोहे का बेसबॉल स्टिक, 1 लकड़ी का बेसबॉल स्टिक, 5 मोबाइल फोन, 1 टैब और मारुति स्विफ्ट कार बरामद किया गया है. इन सामानों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने सूची बनाकर इन्हें जब्त कर लिया. इस संबंध में जगरनाथपुर थाना कांड संख्या-131/26 दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों में से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के खिलाफ जगरनाथपुर और नामकुम थाने में हत्या (धारा 302), रंगदारी (धारा 384/387) और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 5 मामले दर्ज हैं. उसी तरह राकेश रंजन उर्फ गुड्डू के विरुद्ध जगरनाथपुर और गोंदा थाने में आर्म्स एक्ट, रंगदारी और चोरी से संबंधित 2 मामले पहले से दर्ज हैं.

इस सफल अभियान में जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के साथ पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार रंजन, सत्यवीर, अशोक प्रसाद, संतोष कुमार सिंह, पंकज कुमार, विनोद साह और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.