फिल्मी अंदाज में कोयला तस्करी की साजिश, सुरंग बनाकर निकाल रहे थे कोयला, तभी पड़ गया छापा
Giridih: सीसीएल कोलियरी के माइंस और बंद कोलियरी क्षेत्र से अवैध खनन कर कोयला की चोरी फिर परिवहन करना आम बात रही है. हर रात को कोयला चोर बाइक समेत सीसीएल के कबरीबाद इलाका में पहुंचतें हैं. फिर से यहां चोरी या अवैध खनन कर रखे गए कोयला को लादकर निकल जाते हैं.
सोमवार की रात को भी इसी तरह की हरकत हो रही थी. रात में दर्जनों चोर बाइक लेकर माइंस एरिया में पहुंचे थे. यहां सुरंग से कोयला निकालने के बाद कोयला को लोड करने की तैयारी चल रही थी कि तभी सीसीएल गिरिडीह एरिया के परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा के साथ मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पहुंच गए. प्रबंधन और पुलिस के पहुंचते ही यहां भगदड़ मच गया. बाइक को छोड़कर तस्कर भागने लगे. इस दौरान कई बाइक को जब्त किया गया.
जान जोखिम में डालकर करते हैं चोरी
यहां मौजूद सीसीएल के परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने बताया कि आए दिन जान जोखिम में डालकर कोयला चोरी करने लोग पहुंच जाते हैं. सीसीएल सुरक्षा विभाग अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर चोरों को खदेड़ता है. सोमवार रात को भी इसी तरह की सूचना पर कार्रवाई की गई और बाइक को जब्त किया गया. सभी बाइक मुफ्फसिल थाना पुलिस को सौंपा गया है और प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि संयुक्त अभियान में बाइक जब्त किया गया है. इस मामले में सभी बाइक के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. साथ ही साथ जो लोग कोयला चोरी एवं तस्करी में शामिल हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाया जाएगा.







