संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, चाईबासा में सर्विस राइफल साफ करते समय चली गोली, जवान की मौत...
Chaibasa: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में तैनात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान अपनी सर्विस गन की सफाई कर रहा था, इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान अजय किशोर खाका के रूप में हुई है, जिन्हें रविवार रात अपनी ही सर्विस इंसास राइफल से गोली लग गई. घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.
किरीबुरू के एसडीपीओ अजीत केरकेट्टा तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया. जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई. मिली जानकारी के अनुसार, अजय किशोर खाका मूल रूप से गुमला जिले के रायडीह क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में टोन्टो थाना में पदस्थापित थे. वे इन दिनों सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में शामिल थे और सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन के पालीसाई कैंप में तैनात थे.
इधर, घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि जवान पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे और उन्होंने खुद को गोली मार ली. दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि वे अपनी राइफल की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और उन्हें लग गई. गोली लगने के बाद साथी जवानों ने उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि गोली उनके गले के पास लगी थी, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि एक जवान की मौत हुई है. यह घटना कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच जारी है. वहीं, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है.







