देवघर के बैद्यनाथ धाम पहुंचे डिप्टी सीएम विजय चौधरी, शराबबंदी और बंगाल चुनाव को लेकर कहा– बिहार में शराबबंदी से कोई...पश्चिम बंगाल में NDA की सरकार तय
Deoghar: बाबा मंदिर में शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी का आगमन हुआ. डिप्टी सीएम विजय चौधरी अपने पूरे परिवार के साथ देवघर के बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे और यहां पर पूजा अर्चना की. प्रोटोकॉल को ध्यान रखते हुए उनको वीआईपी ट्रीटमेंट के साथ पूजा कराया गया. सबसे पहले मंदिर में प्रवेश करने के बाद विजय चौधरी और उनके पूरे परिवार को तीर्थ पुरोहितों ने विधि विधान के साथ मंदिर में संकल्प कराया. पुरोहितों से संकल्प करवाने के बाद डिप्टी सीएम विजय चौधरी गर्भ गृह में जाकर भगवान भोलेनाथ के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया.
![]()
मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने बताया कि देवघर के बाबा मंदिर में वह कई बार आ चुके हैं. लेकिन बिहार के डिप्टी सीएम बनने के बाद यह पहला आगमन है. उन्होंने कहा कि यह पद भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से ही मिला है और आने वाले समय में जो भी पद मिलेगी या जो भी स्थिति होगी, वह भगवान भोलेनाथ की कृपा से ही होगी.
विजय चौधरी ने बताया कि बिहार का डिप्टी सीएम बनने के बाद बिहार के विकास के लिए लंबी लकीर खींचनी है. भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद के बाद विकास की लकीर खींचना और भी आसान हो जाएगा. बिहार में शराबबंदी को समाप्त करने की हो रही चर्चा के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि विश्वास मत प्राप्त करने के दौरान ही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नीतीश कुमार ने जिस लकीर को खींची है, वह लकीर और भी लंबी होगी.
विजय चौधरी ने कहा कि बिहार में शराबबंदी को किसी भी कीमत पर नहीं हटाया जाएगा. शराब की अवैध बिक्री पर बिहार सरकार सख्त है और आने वाले समय में बिहार में इसपर रोक जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि कई बार बिहार में जब अवैध शराब प्राप्त होते हैं तो विपक्ष की तरफ से उसे मुद्दा बनाया जाता है. लेकिन विपक्ष और आम लोगों को यह समझने की जरूरत है कि बिहार सरकार शराबबंदी को लेकर सख्त है. इसीलिए बिहार में शराब पकड़े जा रहे हैं.
बासुकीनाथ में भी करेंगे पूजा
वहीं, बंगाल चुनाव को लेकर बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में स्पष्ट हो जाएगा कि बंगाल में एनडीए गंठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है. पहले चरण के मतदान में हुई बंपर वोटिंग से तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को यह पता चल चुका है कि बंगाल में इस बार एनडीए की सरकार मजबूती के साथ आ रही है. बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूरे परिवार के साथ पूजा करने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी बासुकीनाथ पूजा करने के लिए रवाना हुए और बासुकीनाथ धाम से लौटने के बाद देवघर में वो देर शाम तक आराम करेंगे. विश्राम के बाद वह देर शाम पटना के लिए रवाना हो जाएंगे.







