Movie prime

धनबाद में व्यवसायी ने की आत्महत्या, पारिवारिक कलह और कर्ज का मामला बताया जा रहा...

Dhanbad: सुबह करीब 9.30 बजे तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद चाबी से दरवाजा खोला गया, तो फाल्गुनी मुखर्जी रस्सी के सहारे पंखे से झूलते मिले...
 
Jharkhand News

Dhanbad: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित ट्रिनीटी गार्डेन अपार्टमेंट (ब्लॉक-ए, डी-3) निवासी व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी (57) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलने पर सर्किल इंस्पेक्टर सीमा कुमारी समेत बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया.

मृतक फाल्गुनी मुखर्जी हीरापुर पार्क मार्केट, विवेकानंद चौक के समीप बैग की दुकान चलाते थे. परिजनों के अनुसार, वे रात में दुकान बंद कर घर लौटे थे. भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गये.

सुबह करीब 9.30 बजे तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद चाबी से दरवाजा खोला गया, तो फाल्गुनी मुखर्जी रस्सी के सहारे पंखे से झूलते मिले.

कर्ज के दबाव में थे व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी

परिजनों ने पुलिस को बताया कि फाल्गुनी मुखर्जी कर्ज के दबाव में थे. बैंक की ओर से नोटिस और फोन आने की बात कही गई है.

वहीं, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसको लेकर दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी. कुछ दिन पहले भी दंपती थाना पहुंचे थे.

मृतक की पत्नी हैं स्कूल टीचर

घटना के दौरान शव को कब्जे में लेते समय पत्नी ने शव को हाथ नहीं लगाया और न ही देखने गयी. बताया गया कि मृतक की पत्नी धनबाद पब्लिक स्कूल, हीरक ब्रांच में शिक्षिका हैं.

दंपती की एक बेटी है, जो बाहर पढ़ाई कर रही है. जानकारी मिलने के बाद घर पर पहुंचे रिश्तेदार और परिचित डरे-सहमे नजर आए. कोई भी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं था.

पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और रस्सी जब्त कर ली है. इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.