घर में घुसी डॉक्टर की कार, एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हंगामा
Palamu: जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की गांव में डॉक्टर की अनियंत्रित कार एक घर में जा घुसी. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी. जिसके बाद डॉक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है. घटना के बाद ग्रामीणों ने रोड जाम करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस के द्वारा समझा बुझा कर मामले को शांत किया गया है.
![]()
दरअसल पलामू के पाटन के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार अपने निजी कार से पाटन के इलाके में जा रहे थे. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सिक्की कला में एक घर में जा घुसी. इस घटना में कार ने घर के आंगन में सो रहे विनोद सिंह नामक व्यक्ति को चपेट में ले लिया. बाद में विनोद सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और डॉक्टर को बुरी तरह पीटा. पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि डॉक्टर की भी पिटाई की गई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे हैं.







