सरकारी या निजी नौकरी का इंतजार न करें, बल्कि स्वयं अवसर सृजन करने की क्षमता विकसित करें, दीक्षांत समारोह में छात्रों का हौसला बढ़ा गए गवर्नर गंगवार
Jharkhand Desk: कोल्हान विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में बुधवार को राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने छात्रों को संबोधित किया. उन्होंने जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होने और मेहनत, ईमानदारी व सतत प्रयास की अहमियत बताई. राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे सिर्फ सरकारी या निजी नौकरी का इंतजार न करें, बल्कि स्वयं अवसर सृजन करने की क्षमता विकसित करें. उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप, उद्यमिता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया.
![]()
इस अवसर पर चार सत्रों के कुल 195 स्वर्ण पदक विजेताओं को पदक और उपाधि प्रदान की गई. दीक्षांत समारोह में कुलपति, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी, प्रोफेसर, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित थे. राज्यपाल ने भारतीय संविधान के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान न केवल लोकतंत्र का आधार है, बल्कि यह राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक न्याय और जनकल्याण का मार्गदर्शक भी है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे संविधान प्रदत्त मूल्यों जैसे न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं.







