Durga Puja Vibes: झारखंड के जमशेदपुर में शहीद जवानों को समर्पित किया जाएगा इस बार का पंडाल, नाम- 'OPERATION SINDOOR'
Jharkhand Desk: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतिक माना जाता है दशहरा को. कहते हैं दुर्गा पूजा मानव से बहुत ही सुंदर तरीके से जुड़ी हुई है, यह बताती है कि मनुष्य किस प्रकार जन्म लेते हैं, काली पिता के रूप में, तारा माता के रूप में, तथा शेष सभी रूप बताते हैं कि किस प्रकार एक बालिका छिन्नमस्तिका के रूप में परिपक्व होती है, फिर स्त्री रूप में आती है और अंत में पूर्ण गौरी के रूप में आती है, जो केवल मोक्ष प्राप्त करना चाहती है, तथा अंतिम रूप से कमला है, जो दस में महालक्ष्मी का एकमात्र रूप है.
देशभर में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. 22 सितंबर को कलश स्थापना है. इसी के साथ शारदीय नवरात्रि शुरू हो जाएगी, जिसका समापन 2 अक्टूबर को विजयादशमी के साथ होगा.
राज्यभर में अलग-अलग थीम पर कई अद्भुत और अलौकिक पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. इसी तरह जमशेदपुर में तैयार हो रहा एक पंडाल चर्चा का विषय बना हुआ है. यह पंडाल किसी महल या ऐतिहासिक स्थल पर नहीं, बल्कि ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर बनाया जा रहा है.
ऑपरेशन सिंदूर थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल
दरअसल, जमशेदपुर शहर के अलग-अलग इलाके में विभिन्न पूजा कमेटी द्वारा आकर्षक पंडाल बनाए जा रहे हैं. शहर में बनने वाला दुर्गा पूजा पंडाल हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है. इस बार जमशेदपुर के बिस्टुपुर रानीकुदर इलाके में हिंद क्लब पूजा कमेटी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है.

इंडिया गेट थीम पर होगा पंडाल का मुख्य द्वार
पंडाल निर्माण के लिए बंगाल से बुलाए गए खास कारीगर
पश्चिम बंगाल के चंदन नगर से आए कारीगरों द्वारा इस पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. पंडाल निर्माण में 35 की संख्या में कारीगर दिन-रात मेहनत कर ऑपरेशन सिंदूर बेस्ड पंडाल को पूरा करने में लगे हुए हैं. इस पंडाल की ऊंचाई 40 फीट रखी गई है, जिसके ऊपर भारतीय तिरंगा के साथ एक तोप स्थापित किया जाएगा. पंडाल की लागत करीब 17 लाख है और मूर्ति की लागत 3 लाख 75 हजार है.

ऑपरेशन सिंदूर थीम पर दुर्गा पंडाल
हिंद क्लब रानीकुदर पूजा कमेटी के अध्यक्ष नंद जी प्रसाद का कहना है कि हिंद क्लब प्रत्येक वर्ष अलग-अलग थीम पर पूजा पंडाल बनाता है. इसका उद्देश्य सिर्फ पूजा पंडाल बनाना ही नहीं, बल्कि लोगों को खास मैसेज भी देना रहता है. इस बार ऑपरेशन सिंदूर की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें पहलगाम की पूरी घटनाक्रम को 3D सिस्टम के जरिए बताया जाएगा.
ना
ऑपरेशन सिंदूर थीम पर दुर्गा पंडाल
जवान के साथ ड्रोन-राफेल का दिखेगा भव्य दृश्य
उन्होंने बताया कि पंडाल के मुख्य द्वार को इंडिया गेट का आकार दिया जा रहा है. जिससे इस पूजा पंडाल में आते ही लोगों को भक्ति भावना के साथ-साथ देशभक्ति का जज्बा भी देखने को मिलेगा. उन्होंने बताया कि पहाड़ जैसी संरचना पर सेना के जवान, ड्रोन, राफेल का एक भव्य दृश्य दिखेगा, जिसे देखकर हमें अपने देश पर गर्व महसूस होगा. पंडाल के बाहर 12 सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा.

पंडाल में दिखेगी तोप की झलक
आतंकवाद पर भारत की जीत की दिखाई जाएगी झलक
पूजा कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि पहलगाम की आतंकी घटना को 3D सिस्टम के जरिए क्रमवार दिखाया जाएगा और फिर अंत मे भारतीय सैनिकों का जज्बा, जिसमें आतंकवाद पर भारत की जीत की झलक दिखेगी. बंगाल के चदंन नगर से आए कारीगर रंजीत का कहना है हमारा प्रयास रहता है कि हम हर साल पंडाल का कुछ नया स्वरूप बनाए ताकि श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने. इस साल ऑपरेशन सिंदूर की तर्ज पर पंडाल बनाना एक चुनौती है. कारीगर ने बताया कि जमशेदपुर में हमें पंडाल बनाने की अच्छी रकम मिलती है.
1974 से किया जा रहा दुर्गा पूजा का आयोजन
बता दें कि हिंद क्लब रानीकुदर पूजा कमेटी की स्थापना 1974 में हुई है. कमेटी में कुल 150 सदस्य शामिल हैं. 1974 से हिंद क्लब रानीकुदर पूजा कमेटी द्वारा दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है. यहां की पूजा की खूब चर्चा होती है. वहीं, इस बार का खास ऑपरेशन सिंदूर थीम पर दुर्गा पंडाल है. बंगाल के मेचेदा से मां दुर्गा की अलौकिक मूर्ति मंगाई जा रही है. इस बार पूजा के दौरान 10000 लोगों को निशुल्क भोग वितरण की व्यवस्था की जा रही है.







