Newshaat_Logo

दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नमन कर याद किया संघर्ष और योगदान

Ranchi: मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन दूरदर्शी, संघर्षशील और जनभावनाओं से जुड़े नेता थे. उनका जीवन जनकल्याण और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा. उन्होंने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.
 
JHARKHAND

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक स्व. दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री गुरुवार को नामकुम के लोवाडीह स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.  

May be an image of monument

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग एकत्र होकर स्व. दुर्गा सोरेन को श्रद्धापूर्वक याद कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन दूरदर्शी, संघर्षशील और जनभावनाओं से जुड़े नेता थे. उनका जीवन जनकल्याण और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा. उन्होंने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य का सपना ऐसे ही संघर्षशील नेताओं की बदौलत साकार हुआ. उन्होंने स्व. दुर्गा सोरेन को कर्मठ और युवाओं के प्रेरणास्रोत नेता बताते हुए कहा कि उन पर पूरे राज्य को गर्व है. मुख्यमंत्री ने उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन किया. 

अन्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की

स्मारक स्थल पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य गणमान्य लोगों ने भी स्व. दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया.