झारखंड–बंगाल में ED का अब तक का सबसे बड़ा छापा: 14 करोड़ कैश, सोना और अवैध कोयला रैकेट के काले राज़ बेनकाब
Jharkhand news: ED ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की संपत्ति जब्त की है। दोनों राज्यों में 44 ठिकानों पर की गई इस कार्रवाई ने कोयला माफिया के पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं।
14 करोड़ से ज्यादा कैश और सोना जब्त
ईडी की जांच टीमों को छापेमारी के दौरान 14 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, भारी मात्रा में सोना-आभूषण, जमीन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और कई संदिग्ध खाता-बही मिले हैं।
एजेंसी के अनुसार, ये दस्तावेज इस बात की पुष्टि करते हैं कि अवैध खनन और तस्करी का एक बड़ा रैकेट लंबे समय से सक्रिय था।
कोयला माफिया नेटवर्क पर शिकंजा
8 FIRs से मिली जानकारी के आधार पर ईडी ने PMLA के तहत कार्रवाई शुरू की थी। FIR में संकेत था कि दोनों राज्यों के बॉर्डर इलाकों में अवैध कोयले की चोरी, परिवहन और सप्लाई का बड़ा नेटवर्क चल रहा है।
ताजा छापों में मिले दस्तावेजों ने न सिर्फ इस नेटवर्क की पुष्टि की, बल्कि स्थानीय अधिकारियों की कथित संलिप्तता का भी खुलासा किया है।
100 से ज्यादा अधिकारियों की टीम ने दी दबिश
इस पूरे ऑपरेशन में 100 से अधिक ईडी अधिकारी शामिल थे। एजेंसी के मुताबिक, कोयला रैकेट ने अपराध के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की है और इस पैसे को कई शेल कंपनियों व प्रॉक्सी व्यक्तियों के माध्यम से घुमाया जा रहा था।
ईडी का दावा—‘सिंडिकेट बेहद सक्रिय और संगठित’
एजेंसी के बयान में साफ कहा गया है कि यह रैकेट झारखंड–बंगाल बॉर्डर पर बेहद सक्रिय है और बड़े पैमाने पर अवैध कमाई कर रहा था। अब ईडी इन जब्त दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई और गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।







