बाथरूम में बिजली का करंट बना जानलेवा, धनबाद में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप
Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की करंट लगने से मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब दोनों महिलाएं घर के बाथरूम में थीं. आशंका जताई जा रही है कि बाथरूम में बिजली का करंट फैलने से दोनों इसकी चपेट में आ गईं. परिजनों ने जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी तो बाथरूम का दरवाजा खोला. अंदर दोनों महिलाएं अचेत अवस्था में पड़ी थीं. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
![]()
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह दर्दनाक हादसा पुटकी थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में हुआ. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शोभा सिन्हा और 40 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि शोभा सिन्हा अपने घर की सफाई करवा रही थी. इसी दौरान दोनों किसी तरह बिजली के संपर्क में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुटकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि करंट कैसे लगा. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है. दोनों का शव घर के बाथरूम से बरामद हुआ है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शोभा सिन्हा करीब चार महीने बाद अपने घर लौटी थीं. घर की साफ-सफाई के दौरान उनके साथ काम कर रही महिला भी मौजूद थी. इसी बीच दोनों करंट की चपेट में आ गईं. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. परिजनों का कहना है कि घटना की सही वजह अब तक सामने नहीं आई है. उनका आरोप है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके.
मृतका शोभा सिन्हा के परिजनों ने बताया कि परिवार पहले ही कोरोना काल में एक सदस्य को खो चुका है और अब यह दूसरी बड़ी त्रासदी है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पूरे मामले को लेकर कॉलोनी में मातम पसरा है.
वहीं, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हुई है. दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.







