रामगढ़ में बेखौफ अपराधी, निर्माणाधीन क्रशर प्लांट पर किया हमला..कर्मियों को बंधक बनाया, फिर जलाया जेसीबी मशीन...
Ramgarh: जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुथरपुर के सुदूरवर्ती इलाके में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक निर्माणाधीन क्रशर प्लांट पर धावा बोल दिया. रात के अंधेरे में हथियारबंद बदमाशों ने क्रशर प्लांट में काम करने वाले कर्मियों पहले उठाया और सबको एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद क्रशर प्लांट परिसर में खड़ी एक जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया.
घटना सुथरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन सियाराम क्रशर प्लांट में हुई है. घटना के बाद कर्मियों में दहशत है. कर्मियों के अनुसार देर रात चार-पांच की संख्या में अज्ञात अपराधी पहुंचे थे. अपराधियों ने पहले मजदूरों और कर्मियों को धमकाया, फिर सभी को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी. इसके बाद बदमाशों ने क्रशर प्लांट परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन से डीजल निकाल कर जेसीबी पर छिड़ककर आग लगा दी. जाते-जाते अपराधियों ने कहा कि बिना परमिशन के कैसे क्रशर प्लांट लगवा रहे हो. पहले बात कर लेना और जब तक बात नहीं होती है, तब तक काम बंद रहेगा.

जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने कमरे में बंद कर्मियों को बाहर निकाला तथा जली हुई मशीन और आसपास के इलाके की जांच शुरू की. इस संबंध में भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि घटना के पीछे रंगदारी, आपसी विवाद या अन्य सभी आपराधिक बिंदुओं पर जांच की जा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में दहशत का महौल
आपको बता दें कि सुदूरवर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर रहती है, जिसका फायदा अपराधी उठाते हैं. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है.








