Newshaat_Logo

ओरिएंट क्राफ्ट के खिलाफ महिला कर्मियों का हंगामा, महीनों से सैलरी नहीं मिली तो फूटा गुस्सा...

Ranchi: रांची के खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है. कई महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों कर्मचारियों ने कंपनी गेट के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उनका बकाया वेतन नहीं दिया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है.
 
JHARKHAND

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब ओरिएंट क्राफ्ट लिमिटेड के गेट के बाहर बड़ी संख्या में महिला कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही खेलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने में जुट गई. खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि प्लांट गेट पर महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ट्रैफिक पर किसी तरह का असर नहीं पड़ा है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिला कर्मियों और कंपनी प्रबंधन दोनों पक्षों से बातचीत की है. कंपनी प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अगले सोमवार तक सभी कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री में करीब 4000 महिलाएं कार्यरत हैं. इनमें से लगभग 60 प्रतिशत महिलाएं काम कर रही हैं, जबकि करीब 40 प्रतिशत महिला कर्मी वेतन भुगतान से पहले काम शुरू करने को तैयार नहीं हैं.

क्या कहा थाना प्रभारी ने

थाना प्रभारी अभिषेक राय ने कंपनी प्रबंधन के हवाले से बताया कि प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने में दिक्कत हो रही है, क्योंकि आंदोलन का कोई स्पष्ट नेतृत्व सामने नहीं आ रहा है. एहतियात के तौर पर प्लांट परिसर के आसपास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

बता दें कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास की पहल पर रांची के खेलगांव में ओरिएंट क्राफ्ट को स्थापित किया गया था. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिला. कोरोना काल के दौरान ऑर्डर नहीं मिलने से कंपनी के उत्पादन पर असर पड़ा था. पिछले दिनों अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने के कारण निर्यात में भारी गिरावट से भी उत्पादन पर असर पड़ा. इस प्लांट में अमेरिका के लिए थे क्रू, पोलो और डिक्स के रेडीमेड गारमेंट भी तैयार किए जाते हैं.