Movie prime

शिबू सोरेन की जीवनी पर फिल्म बनने की तैयारी शुरू, वास्तविक घटनाओं पर आधारित होगी फिल्म...

Dhanbad: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन और संघर्ष पर आधारित लगभग तीन घंटे की एक फीचर फिल्म बनने वाली है. जिसे लेकर गहन शोध कार्य चल रहा है...
 
Jharkhand
Dhanbad: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी पर फिल्म बनने वाली है. इसी कड़ी में झारखंड के पर्यटन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू उन आंदोलनकारियों से मिल रहे हैं, जिन्होंने संघर्ष के दिनों में गुरुजी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी थी.
झारखंड के पर्यटन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू धनबाद के राजगंज प्रखंड स्थित लाठाटांड़ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी शंकर किशोर महतो से मुलाकात की. शंकर किशोर महतो दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षकालीन साथियों में से एक रहे हैं.
मुलाकात के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड आंदोलन के दिनों की चर्चा करते हुए शंकर किशोर महतो से उनके संघर्ष से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली. शंकर किशोर महतो ने बताया कि वे विनोद बिहारी महतो के माध्यम से आंदोलन से जुड़े थे.
उन्होंने कहा कि आंदोलन के शुरुआती दौर में कार्यकर्ताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. कई बार साथियों को जेल से छुड़ाने के लिए आर्थिक सहयोग तक जुटाना पड़ता था.
शंकर किशोर महतो ने बताया कि उस समय टुंडी विधानसभा क्षेत्र के पलमा में उनके घर से संगठन का संचालन किया जाता था. बाद में पोखरिया में आश्रम बना, जहां से झारखंड आंदोलन की गतिविधियां संचालित होने लगीं. शिवाजी समाज के माध्यम से आंदोलन को गति मिली, जिससे गुरुजी शिबू सोरेन जुड़े हुए थे.
वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन और संघर्ष पर आधारित लगभग तीन घंटे की एक फीचर फिल्म बनने वाली है. जिसे लेकर गहन शोध कार्य चल रहा है.
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के संघर्षकाल के साथी अब बहुत कम जीवित हैं और उनकी संख्या सीमित है. इसी वजह से उनके साथ रहे आंदोलनकारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर तथ्य जुटाए जा रहे हैं.
वास्तविक घटनाओं पर आधारित होगी फिल्म
मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिबू सोरेन पर बनने वाली फिल्म पूरी तरह वास्तविक घटनाओं और तथ्यों पर आधारित होगी. इसमें कोई काल्पनिक तत्व नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के साथ आंदोलन में जुड़े लोगों ने कभी यह नहीं सोचा था कि वे सांसद या विधायक बनेंगे. वे स्वयं 33 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े हैं और परिस्थितियों ने उन्हें मंत्री बनाया है.
मंत्री ने कहा कि शंकर किशोर महतो द्वारा बताई गई बातों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचायी जाएगी और उन्हें मुख्यमंत्री से मिलवाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही गांव की जिन समस्याओं को सामने रखा गया है, उनके समाधान की दिशा में भी पहल की जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं. आज भी यह बड़ी समस्या है. अलग झारखंड राज्य की लड़ाई इसी उद्देश्य से लड़ी गई थी कि यहां के लोगों को अपने राज्य में ही बेहतर अवसर मिल सके.
उन्होंने कहा कि समस्याएं पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं, लेकिन पहले की तुलना में स्थिति में सुधार हुआ है और आगे भी प्रयास जारी रहेंगे.
वहीं मंत्री के आगमन पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया. इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शंकर किशोर महतो को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर भेंट की.