BJP एवं JLKM के नेताओं के बीच हुई जमकर मारपीट, पूरा मामला...
Jharkhand Desk: जिम की पार्टनरशिप को लेकर बीजेपी एवं जेएलकेएम के नेताओं के बीच जमकर मारपीट हुई है. बीच बचाव करने गई पुलिस को भी जान से मारने की धमकी मिली है. इस दौरान पुलिस के जवान एवं अधिकारियों के साथ हाथापाई की कोशिश हुई. इस पूरे मामले में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज हुई है. मामला दर्ज कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
![]()
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि अनिकेत मेहता एवं प्रधान सक्सेना नाम के युवकों के बीच जिम की पार्टनरशिप एवं लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद टीओपी 2 के प्रभारी राकेश कुमार सिंह और एएसआई संदीप राम के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस अधिकारी एवं जवान मारपीट करने वालों को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे, इसी क्रम में पुलिस जवानों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया एवं मारपीट की कोशिश की गई है. इस दौरान पुलिस जवान एवं अधिकारियों को जान से मारने की भी धमकी दी गई. एक आरोपी ने पुलिस के लिए 'जेल से बाहर निकलने के बाद टिप देने' जैसे शब्द का इस्तेमाल किया.
थाना प्रभारी ने बताया कि टीओपी 2 के प्रभारी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की गई है. अनिकेत मेहता एवं प्रधान सक्सेना ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए अलग-अलग आवेदन दिया है. दोनों के आवेदनों पर अलग से एफआईआर हुई है. थाना प्रभारी ने आगे बताया कि पूरे मामले में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने अनिकेत मेहता, अभिषेक मेहता, प्रधान सक्सेना, प्रभात कुमार एवं एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल अनिकेत मेहता जेकेएलएम की टिकट पर डालटनगंज विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुका है जबकि प्रधान सक्सेना बीजेपी से जुड़ा हुआ है.







