Newshaat_Logo

पलामू में सोन नदी का रौद्र रूप! खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी

Palamu: हुसैनाबाद के देवरी क्षेत्र में सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. मंगलवार सुबह नदी का जलस्तर 22 फीट दर्ज किया गया. बढ़ते पानी को देखते हुए तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. नावों का परिचालन भी बंद कर दिया गया है.
 
JHARKHAND

Palamu: जिले में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. उत्तरी कोयल समेत कई छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं. मेदिनीनगर के निचले इलाकों में एक बार फिर जलजमाव की स्थिति बन गई है, जबकि हुसैनाबाद क्षेत्र में भी बारिश और बढ़ते जलस्तर का असर देखने को मिल रहा है.

sone-river-water-level-increase-in-palamu-high-alert-issued

सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

लगातार बारिश के बीच सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. सोन की सहायक नदी उत्तरी कोयल में भी पानी का बहाव तेज हो गया है. जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने तटवर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है.

पलामू पुलिस की ओर से नदी किनारे बसे क्षेत्रों में लगातार माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है. लोगों से नदी के पास नहीं जाने और नदी के बीच बने टीलों पर जाने से बचने की अपील की जा रही है. प्रशासन ने विशेष रूप से सोन के डीला पर रहने वाले लोगों को नदी की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी है.

Sone River Water level increase in Palamu high alert issued

कई गांवों पर बढ़ा खतरा

सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है. सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कला, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार समेत कई इलाकों के लोग प्रभावित हुए हैं. कुछ क्षेत्रों में जमीन के कटाव की स्थिति भी शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.

सोन नदी पलामू के हैदरनगर और हुसैनाबाद प्रखंड से होकर बिहार की ओर प्रवेश करती है. ऐसे में जलस्तर बढ़ने से नदी के किनारे बसे इलाकों में प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू और अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने लोगों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के बीच बने टीलों, निचले इलाकों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति या सूचना मिलने पर लोग तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं.

दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन में पहुंचा

सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि नॉर्थ कोयल समेत अन्य जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचा है. इसी वजह से सोन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन और विभाग की टीम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

वहीं, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है. पुलिस की ओर से लगातार माइकिंग कर लोगों को नदी से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.

लोगों से अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से तटवर्ती क्षेत्रों में जाने से बचें. निचले इलाकों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं.