बोकारो में मालगाड़ी में अचानक लगी आग, लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोककर टाला बड़ा हादसा
Bokaro: झारखंड के बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मालगाड़ी के एक वैगन में अचानक आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन रोक दी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया.
धुआं उठता देख लोको पायलट ने रोकी ट्रेन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी के एक डिब्बे से धुआं और आग की लपटें उठती देख लोको पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी और ट्रेन को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया. समय रहते उठाए गए इस कदम से आग अन्य वैगनों तक फैलने से रोक दी गई
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
जांच में जुटा रेलवे प्रशासन
रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि तकनीकी खराबी या घर्षण के कारण आग लगी हो सकती है. हालांकि, वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा.
लोको पायलट की सतर्कता की सराहना
रेलवे अधिकारियों ने लोको पायलट की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद कुछ समय तक रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया.







