Newshaat_Logo

ओरमांझी टोल के पास चलती कार में आग, टोलकर्मियों की तत्परता से बचीं जानें

Ranchi: कुछ ही मिनटों में कार धू-धूकर जलने लगी, लेकिन टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता से कार सवार सभी लोगों की जान बच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही कार के इंजन से धुआं निकलने लगा.
 
RANCHI

Ranchi: रांची–रामगढ़ मार्ग पर स्थित ओरमांझी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई. कुछ ही मिनटों में कार धू-धूकर जलने लगी, लेकिन टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता से कार सवार सभी लोगों की जान बच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही कार के इंजन से धुआं निकलने लगा. टोलकर्मियों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार को रोकवाया और सवारियों को बाहर निकाल लिया. इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई.

Ranchi News

करीब 11.30 बजे एक डस्टर कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया. हालांकि समय रहते सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार डस्टर कार (जेएच 02बीवाई-9129) पर तीन लोग सवार थे और रामगढ़ से रांची की ओर जा रहे थे. जैसे ही कार पुंदाग टोल प्लाजा के पास पहुंची और टोल देने के लिए रुकी, तभी टोलकर्मियों की नजर कार से निकल रहे धुएं पर पड़ी.

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए टोलकर्मियों ने बिना देर किए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने कार को धक्का देकर टोल प्लाजा से करीब 100 गज दूर सड़क किनारे पहुंचाया, ताकि अन्य वाहनों और लोगों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे. इसके बाद कार में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. टोलकर्मियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भी भरसक प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई.

घटना की सूचना मिलने के बाद ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी. हालांकि दमकल कर्मी करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. टोलकर्मियों की तत्परता और बहादुरी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और कार में सवार तीनों लोगों की जान सुरक्षित बच गई.