Movie prime

एम्स देवघर का पहला दीक्षांत आज, राष्ट्रपति और राज्यपाल की मौजूदगी में 48 छात्रों को मिलेगा सम्मान

 
jharkhand news

Jharkhand: देवघर आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की मौजूदगी में आज एम्स देवघर का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है। इस मौके पर 48 एमबीबीएस छात्रों को डिग्रियां और मेडल सौंपे जाएंगे।

सुबह-सुबह ट्रेन से पहुंचे राज्यपाल

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार गुरुवार की सुबह जसीडीह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से पहुंचे। स्टेशन पर उनका स्वागत देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लाकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। राज्यपाल सीधे एम्स दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन दोपहर 12:20 बजे

समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी आज देवघर आ रही हैं।

  • दोपहर 12:20 बजे राष्ट्रपति का विमान देवघर एयरपोर्ट पर उतरेगा।
  • सुरक्षा और स्वागत को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
  • इसके बाद राष्ट्रपति दोपहर 3:00 बजे एम्स परिसर में बने ऑडिटोरियम में दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।

48 छात्रों को मिलेगा सम्मान

दीक्षांत समारोह में इस बार 48 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए जाएंगे। ये छात्र एम्स देवघर की पहली बैच से हैं इसलिए यह कार्यक्रम सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक शैक्षणिक मील का पत्थर भी माना जा रहा है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर देवघर में सुरक्षा के खास इंतज़ाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर एम्स परिसर तक की हर गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी निगरानी है। आयोजन स्थल पर आम नागरिकों की आवाजाही सीमित की गई है और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।

देवघर के लिए गौरव का दिन

देवघर न सिर्फ धार्मिक पहचान के लिए जाना जाता है, बल्कि अब यह शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अपना नाम दर्ज करा रहा है। एम्स का यह पहला दीक्षांत समारोह यहां के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने वाला है।