Newshaat_Logo

पहले हत्याकांड में मिली जमानत, अब सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में चारों आरोपी फिर पहुंचे सलाखों के पीछे

Giridih: नगर निकाय के मतदान के बाद वार्ड नंबर 18 के आजाद नगर के पास दो पक्ष में झड़प हुई थी. यहां गोलीबारी भी चली और एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. इस मामले को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद शिवम श्रीवास्तव समेत कइयों के खिलाफ पचम्बा थाना कांड संख्या 16/26 अंकित किया गया.
 
JHARKhAND

Giridih: गोलीबारी और हत्याकांड के गंभीर मामले में जेल में बंद चार आरोपियों को जमानत मिलते ही फिर से गिरफ्तारी हो गई. इस बार चारों को एक दिन हुए दूसरे एफआईआर में पकड़ा गया है. गिरफ्तारी केंद्रीय कारा से बाहर आते ही कर ली गई. जिनकी गिरफ्तारी हुई है, उनमें अमित विश्वकर्मा, किशोर कुमार, मंजीत पासवान और आकाश हांडी शामिल हैं. गिरफ्तारी की पुष्टि पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने की है.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, नगर निकाय के मतदान के बाद वार्ड नंबर 18 के आजाद नगर के पास दो पक्ष में झड़प हुई थी. यहां गोलीबारी भी चली और एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. इस मामले को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद शिवम श्रीवास्तव समेत कइयों के खिलाफ पचम्बा थाना कांड संख्या 16/26 अंकित किया गया.

मामले में शिवम के साथ अमित विश्वकर्मा, किशोर कुमार, मंजीत पासवान और आकाश हांडी भी जेल गए. इस बीच अमित, किशोर, मंजीत और आकाश को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई. गुरुवार की देर शाम को सभी जेल से बाहर निकले. इनके बाहर निकलते ही फिर से पचम्बा पुलिस पहुंच गई. इस बार इन चारों को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया. बताया गया कि चारों को सरकारी कार्य में बाधा और पथराव के मामले में दर्ज कांड संख्या 15/26 में गिरफ्तार किया गया.

परिजनों ने किया विरोध

इधर, इस गिरफ्तारी का विरोध परिजनों ने किया है. परिजन कारा के बाहर ही विरोध करने लगे. परिजनों ने कहा कि जब चारों जेल में थे तो उसी वक्त एसआई को इन्हें रिमांड में ले लेना चाहिए था. हालांकि मौके पर पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार पहुंचे और परिजनों को समझाया. जिसके बाद लोग समझे. इसके बाद सभी को गिरफ्तार करते हुए पचम्बा थाना लाया गया. फिर शुक्रवार को सभी को जेल भेजने की तैयारी की गई. थाना प्रभारी ने बताया कि सभी को कांड संख्या 15/26 में जेल भेजा जा रहा है.