महज पांच सेकंड में उजड़ गई पांच जिंदगियां, CCTV फुटेज में कैद हुआ मौत का खौफनाक तांडव
Giridih: जिले में महज पांच सेकंड में पांच लोगों की मौत हो गई. पहले 7 बजकर 15 मिनट और 56 सेकंड, फिर 57, 58, 59 और 60 वां सेकंड और इसके बाद 16 वां मिनट का पहला सेकंड यानी महज 5 सेकंड में पांच लोगों की जिंदगी चली गई. शुक्रवार शाम की इस पांच सेकंड को शायद ही इसरी बाजार के साथ-साथ डुमरी प्रखंड के लोग भूल सकें. शायद ही लोग कोयला लदी 14 चक्का के रफ्तार और ड्राइवर की जानलेवा लापरवाही को लोग भूलेंगे.
यह पूरी घटना इसी क्षेत्र के एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसमें साफ दिख रहा है कि डुमरी से आ रही ट्रक पहले इसरी बाजार में शादी का सामान लदे वाहन को धक्का मारती है. फिर सामने खड़ी बाइक को ट्रक अपनी चपेट में लेती है और फिर दुकान एवं सड़क के किनारे खड़ी अन्य वाहनों को धक्का मारते हुए दीवार से जा टकराती है.
इधर, घटना की सूचना पाकर पहले जिलाधिकारी रामनिवास यादव पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया. इस बीच एसपी डॉ बिमल कुमार भी पहुंचे. एसपी कई घंटे तक क्षेत्र में डटे रहे. मृतक और घायलों के संदर्भ में एक-एक जानकारी ली.
वहीं, मौके पर मौजूद साइबर डीएसपी आबिद खान, सरिया-बगोदर के एसडीपीओ धनंजय राम, इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत को आवश्यक निर्देश दिया. ट्रक के नीचे कुछ और लोगों के दबे रहने की आशंका थी, ऐसे में एसपी एवं एसडीएम (सरिया बगोदर) की मौजूदगी में राहत और बचाव का कार्य जारी रहा. एसपी भी रात दो बजे तक यहीं डटे रहे. इस दौरान दो क्रेन और दो जेसीबी को लगाया गया. सुबह लगभग तीन बजे ट्रक को हटाया गया. जहां ट्रक के नीचे सिर्फ एक बाइक दबी हुई मिली.
घटना के बाद से लोगों को अस्पताल पहुंचाने और वाहन को निकालने में स्थानीय लोगों ने प्रशासन का पूरा सहयोग किया. यहां भाजपा कार्यसमिति सदस्य प्रदीप साहू के अलावा कई लोग बचाव कार्य में जुटे रहे. झामुमो नेता राजू महतो भी यहां पहुंचे.
ट्रक के निकालने तक यहां मौजूद रहे प्रदीप साहू ने बताया कि ट्रक पर कोयला लदा है. यह समझ में नहीं आता कि ट्रक आखिर कैसे इसरी बाजार आयी. चर्चा है कि ट्रक को खदेड़ा जा रहा था. अब यह पता करना जरूरी है कि किसी को धक्का मारने के बाद ड्राइवर ट्रक को भगाकर ले जा रहा था या फिर माजरा कुछ और है.
दूसरी तरफ जिस जेएच 02 बीएल 1853 नंबर के ट्रक ने धक्का मारा है, उसके ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है. वहीं, गिरिडीह के एसपी डॉ बिमल कुमार ने भी जांच के आदेश दिए हैं. एसपी ने पुलिस पदाधिकारी को साफ कहा है कि ट्रक भीड़ वाले इलाके में घुसी कैसे इसकी जांच करते हुए अविलम्ब रिपोर्ट दें.
डीसी ने भी दिया निर्देश
दूसरी तरफ डीसी रामनिवास यादव ने भी घटना की जानकारी लेने के बाद डीटीओ को ट्रक की पूरी आतंरिक रिपोर्ट देने को कहा. वाहन कहां से आ रही थी, वाहन को कहां जानी थी, रफ्तार क्या थी, वाहन के इतने रफ्तार में रहने की पीछे की वजह क्या थी, इसकी पूरी रिपोर्ट देने का निर्देश डीटीओ को दिया गया है. डीटीओ ने कहा कि उनके द्वारा तकनीकी जांच होगी.
बता दें कि शुक्रवार शाम को ट्रक इसरी बाजार इलाके में जा घुसा था. ट्रक अनियंत्रित होने के बाद उसने एक के बाद एक कई वाहनों को धक्का मारा. इस घटना में पांच लोगों की जान चली गई है. जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. एसडीएम संतोष गुप्ता ने घटना में पांच लोगों के मरने की पुष्टि की है.







