झारखंड में ठंड के साथ बढ़ा कुहासे का असर, एक हफ्ते तक मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं
Ranchi, Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। कनकनी के साथ अब राज्य के कई हिस्सों में घना कुहासा छाने लगा है, जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। कुछ इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक तापमान में केवल हल्का उतार-चढ़ाव रहेगा और मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा।
शुक्रवार को दिन के समय भी कुहासा छाए रहने के कारण धूप की गर्माहट कम रही। इसका सीधा असर अधिकतम तापमान पर पड़ा। पिछले 24 घंटों में रांची का अधिकतम तापमान घटकर 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 23.3 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
कांके क्षेत्र में ठंड का असर और ज्यादा देखने को मिला। यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान महज 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मैकलुस्कीगंज में भी शुक्रवार की सुबह कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कुहासे के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में आसमान साफ है और अगले सात दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान ठंड बनी रहेगी और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव होता रहेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से लेकर 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले दिनों में सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर बना रहेगा। खासकर राज्य के उत्तरी हिस्सों में कुहासे का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है, जबकि संताल परगना क्षेत्र में फिलहाल इसका असर सबसे अधिक देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि कुहासे और ठंड के कारण दृश्यता और तापमान दोनों प्रभावित हो सकते हैं।







