भाजपा में पुनः शामिल हुये पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास, कहा-घर आया है आपका अपना झारखंड का दास
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दोबारा ग्रहण की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। रघुवर दास ने अपने संबोधन में कहा कि आज उनका मन ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वे अपनी पुरानी भूमिका में लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि वे भारतीय जनता पार्टी में 1980 के बाद दूसरी बार शामिल हो रहे हैं।
रघुवर दास ने कहा, "भगवान बिरसा मुंडा और वीरों की पावन भूमि, अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्थापित झारखंड राज्य की भूमि पर वापस आकर ऐसा लगता है जैसे मैं अपनी मां के आंचल में लौट आया हूं। राज्यपाल के पद पर होना गरिमा की बात है, लेकिन संगठन का हिस्सा बनकर काम करना गर्व की बात है।"
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का प्रधान सेवक बताते हुए कहा कि वे भी भाजपा के सेवक बनकर झारखंड की जनता की सेवा में हाजिर हैं। रघुवर दास ने भविष्य में झारखंड के लिए नए उत्साह और उमंग के साथ काम करने का संकल्प लिया।
रघुवर दास ने 2024 में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा की पूरी टीम की मेहनत की सराहना की, हालांकि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में हार-जीत चलती रहती है और भाजपा का मुख्य उद्देश्य सत्ता सुख नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा करना है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने वादों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर गठबंधन सरकार अपने वादों को नहीं निभाती है, तो भाजपा जनहित के मुद्दों को लेकर सड़कों से सदन तक संघर्ष करेगी।
अंत में, रघुवर दास ने पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा,
"जिस पल की मुझे महीनों से थी आस,
आज उसे आपकी उपस्थिति बनाती है खास।
खत्म करके अपनी जिम्मेवारी का प्रवास,
घर आया है आपका अपना झारखंड का दास।"