झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने बिहार चुनाव परिणाम पर पूछे गए सवाल पर कहा- एनडीए बिहार में जन-जन के हृदय में पहुंच चुका है...
Jharkhand Desk: एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवार दास ने बयान दिया है. उन्होंने एनडीए को मिली प्रचंड जीत को विकास, सुशासन और परफॉर्मेंस की जीत बताया है.
Nov 16, 2025, 14:56 IST
Jharkhand Desk: बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम से भाजपा गदगद है. एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवार दास ने बयान दिया है. उन्होंने एनडीए को मिली प्रचंड जीत को विकास, सुशासन और परफॉर्मेंस की जीत बताया है.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बिहार में जिस तरह एनडीए को प्रचंड जीत मिली है वह यह दर्शाता है कि विकास, सुशासन और परफॉर्मेंस की जो राजनीति पीएम मोदी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षों से और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो सरकार चल रही है उसमें विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था की स्थिति और परफॉर्मेंस की राजनीति को अब सारे देश के लोग पसंद करते हैं. यही कारण है कि एनडीए बिहार में जन-जन के हृदय में पहुंच चुका है.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बिहार की जनता का सराहना करते हुए कहा कि आजादी के बाद बिहार की जनता ने इतना प्रचंड बहुमत दिया है इसके लिए मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित तमाम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं.
रघुवर दास ने कहा कि बिहार की जनता लोकतंत्र की जननी है. जिसने देश-दुनिया को फिर संदेश देने का काम किया है कि बिहार की जनता जाग चुकी है. जातिवाद, संप्रदायवाद को खत्म कर देश के हित में बिहार के हित में, एक विकसित बिहार के हित में अपना मतदान किया है. इसलिए मैं बिहार की जनता को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं. उन्होंने कहा कि बिहार सही मायने में लोकतंत्र की जननी है.
बिहार के चुनाव परिणाम का झारखंड में असर पड़ने के लगाए जा रहे अनुमान पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए रघुवर दास ने कहा कि हर प्रदेश की अलग-अलग स्थिति होती है, लेकिन जिस तरह से राज्य में सरकार चल रही है और जनता ने इस सरकार जिस आशा और आकांक्षा से जनादेश देने का काम किया था, उस जनादेश और जनता की आकांक्षा और अपेक्षाओं पर वर्तमान सरकार खरा नहीं उतर पाई है.
उन्होंने कहा कि मैं आज स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य सरकार को भी कहना चाहूंगा की जनता से जो आपने वादे किए थे उसे पूरा करें, नहीं तो जो जनता चढ़ाना जानती है तो वह सत्ता से उतारना भी जानती हैं.







