गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम लेकर व्यापारियों को धमकाने वाले चार अपराधी धनबाद से गिरफ्तार
Dhanbad: धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी व्यवसायियों और स्थानीय लोगों को फोन कर गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम लेकर धमकी देते थे और रंगदारी की मांग करते थे.
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़े कई अहम सुराग मिले. गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का संबंध किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से है या नहीं. धनबाद पुलिस ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष टीम का गठन किया गया था. तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है..
![]()
सिटी एसपी ने बताया कि 6 मई 2026 को व्यवसायी गुलाम अंसारी ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया था कि अज्ञात अपराधियों द्वारा फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई.
गिरफ्तार आरोपियों में ये हैं शामिल
तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार का नाम लेकर लोगों में दहशत पैदा करते थे. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद के असर्फी अस्पताल संचालक से भी रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक कीपैड मोबाइल और एक स्मार्ट फोन बरामद किया गया है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की भी जांच में जुटी है.







