पाकुड़ में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला, दो नाबालिग हिरासत में
Pakur: जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्ची की मां ने गांव के ही दो नाबालिगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद मालपहाड़ी ओपी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है।
![]()
खेलने के लिए घर से निकली थी बच्ची
पीड़िता की मां के अनुसार, 25 अगस्त को करीब 11 बजे बच्ची खेलने के लिए घर से बाहर निकली थी। करीब एक घंटे बाद वह रोते हुए घर लौटी। बच्ची को चोटिल हालत में देखकर उसकी मां घबरा गई।
शिकायत में बताया गया है कि गांव की एक महिला ने कथित तौर पर बच्ची के साथ एक नवनिर्मित मकान में गलत हरकत होते देखी थी। महिला ने इसकी जानकारी बच्ची की मां को दी, जिसके बाद परिजन मालपहाड़ी ओपी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में कांड संख्या 200/26 के तहत पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।







