झारखंड विधानसभा में बजट सत्र से पहले स्पीकर ने की सर्वदलीय बैठक, 21 को होगी 23 फरवरी की कार्यवाही
Ranchi: स्पीकर कक्ष में आयोजित इस बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर 23 फरवरी की कार्यवाही को लेकर चर्चा हुई.
Feb 17, 2026, 21:28 IST
Ranchi: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू हो रहा है. सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से कैसे चले, इसको लेकर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने सर्वदलीय बैठक की.
जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, आजसू विधायक निर्मल महतो आदि मौजूद थे.
स्पीकर कक्ष में आयोजित इस बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर 23 फरवरी की कार्यवाही को लेकर चर्चा हुई. साथ ही राज्य में हाल के दिनों में हाथी के बढ़ते प्रकोप और खनन पर विशेष चर्चा कराने की मांग की गई.
बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर सदन की कार्यवाही 23 फरवरी की जगह अनुपूरक बजट पर वाद विवाद 21 फरवरी को रखने का निर्णय लिया गया. जिसकी वजह से शनिवार होने के बाबजूद इस बार 21 फरवरी को सदन की कार्यवाही होगी.
यह निर्णय 18 फरवरी को सदन की कार्यवाही के बाद होने वाली कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया जायेगा.
आजसू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि हाथी के प्रकोप और माइनिंग पर विशेष चर्चा कराने की मांग रखी गई है. वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कार्यसूची में फेरबदल पर निर्णय कार्यमंत्रणा की बैठक में लिया जायेगा.
गौरतलब है कि 18 फरवरी को बजट सत्र औपचारिक रूप से शुरू होगा. इसके बाद 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद विवाद होगा.
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि विधानसभा सत्र कैसे सुचारू रूप से चले, इसी को लेकर बैठक हुई है.
बता दें कि 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश होगा. जिसके बाद 20 फरवरी को ही राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा.
इसी दिन राज्य सरकार के द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी लाए जाने की संभावना है. वहीं 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे.







