Movie prime

रांची, जमशेदपुर, बोकारो और जामताड़ा में नामांकन का आखिरी दिन, नॉमिनेशन के दौरान कार्यकर्ताओं में दिखा गजब का उत्साह...

Jharkhand:  नामांकन के आखिरी दिन रांची महापौर पद के लिए नॉमिनेशन फाइल करने पहुंची बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो के जुलूस में भी कुछ ऐसा नजारा दिखा...
 
Jharkhand Election

Last Day Of Nomination: कहने को तो नगर निकाय चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है लेकिन नामांकन के दौरान जिस तरह से राजनीतिक दलों के नेताओं की भागीदारी देखी जा रही है.

उससे साफ नजर आता है कि यह चुनाव राजनीतिक रंग में रंग चुका है. नामांकन के आखिरी दिन रांची महापौर पद के लिए नॉमिनेशन फाइल करने पहुंची बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो के जुलूस में भी कुछ ऐसा नजारा दिखा.

रांची के पुराना जेल चौक से पदयात्रा कर समाहरणालय पहुंची रोशनी खलखो के साथ ना केवल बीजेपी के कई विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल थे, बल्कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम भी सड़कों पर देखा गया.
सिर पर पगड़ी और गले में भगवा गमछा लिए समाहरणालय तक पहुंचे लोगों का उत्साह चरम सीमा पर था.
महापौर पद पर नॉमिनेशन के बाद रोशनी खलखो ने जीत का दावा करते हुए विरोधियों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस तरह से नगर निगम की स्थिति बनी हुई है और शहर के हालात हैं, उससे साफ नजर आता है कि सिस्टम को दुरुस्त करना कितना चुनौतीभरा काम होगा. इसके बावजूद जनता का आशीर्वाद लेने में मैदान में उतरी हूं.
रोशनी खलखो के नामांकन के वक्त बीजेपी के कई बड़े नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि, रोशनी खलखो बहुत ही मेहनती कार्यकर्ता है और नगर निगम में दो-दो बार पार्षद रह चुकी हैं. एक बार तो उन्हें निर्विरोध जनता का आशीर्वाद मिला था, ऐसे में उनकी जीत तय है क्योंकि जिस तरह से उनका स्वभाव है, कोई भी समस्या के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहना, इनकी पहचान है.
बीजेपी विधायक ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो की दावेदारी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि एक बार उन्हीं की कारण चुनाव रद्द करना पड़ा था. ऐसे में जनता के बीच रमा खलखो की छवि साफ सुथरी नहीं है, जिसका लाभ रोशनी खालखो को मिलेगा. चूंकि यह गैर दलीय आधारित चुनाव है. ऐसे में पार्टी ने उन्हें समर्थन दिया है और इसी वजह से लोग यहां आए हैं.

वहीं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने रोशनी खलखो की जीत का दावा करते हुए कहा कि वे बेहद ही मिलनसार हैं और जनता के सुख-दुख में हमेशा वह खड़ी रहती हैं. आज नगर निगम की स्थिति क्या है? वह किसी से छिपी हुई नहीं है. जाहिर तौर पर चुनाव जीतने के बाद भी रोशनी खलखो के लिए यह एक चुनौती भरा रहेगा.

बोकारो

बोकारो जिले के फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है. नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही पद के दावेदारों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. इसी क्रम में नगर परिषद में वार्ड पद के उम्मीदवार ने निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल किया.

नामांकन के दौरान उनके साथ प्रस्तावक, समर्थक और बड़ी संख्या में शुभचिंतक भी मौजूद रहे, जिससे चुनावी माहौल में उत्साह साफ दिखाई दिया.

कार्यालय परिसर में समर्थकों की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और जीवंत बना दिया. नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रत्याशियों ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं.

उन्होंने बताया कि जनता की इन्हीं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से वे चुनाव मैदान में उतरे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला और वे चुने गए, तो नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करेंगे.

फुसरो में जनसंपर्क अभियान हुआ तेज

इसी कड़ी में कई दावेदारों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता ने भी नामांकन प्रपत्र दाखिल किया है, जिससे आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है.

कुल मिलाकर, नामांकन प्रक्रिया के साथ ही फुसरो नगर परिषद चुनाव का माहौल गरमाने लगा है और आने वाले दिनों में प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क अभियान और तेज होने की उम्मीद है. मतदाता भी इस बार विकास और जनहित के मुद्दों को ध्यान में रख रहे हैं.

स्मार्ट वार्ड बनाऊंगी

बीजेपी नेता अर्चना सिंह ने कहा मैं, अपने वार्ड 15 को स्मार्ट वार्ड बनाऊंगी, हमारे यहां काफी समस्या है, यहां नालियां बिल्कुल गंदी हैं, जब से पाइपलाइन बिछी है उसे अभी तक नहीं बनाया गया है, जिसके कारण हमेशा गंदगी फैली रहती है.

मैं पहले भी 10 साल वार्ड सदस्य रह चुकी हूं लेकिन आज फिर से चुनाव मैदान में हूं और अपने वार्ड को सबसे अच्छा वार्ड बनाऊंगी. कुछ ऐसे ही वादे रश्मि सिंह, वार्ड 15 के प्रत्याशी सुरेश गोयल और वार्ड नंबर 16 से प्रत्याशी सुनीता देवी ने कही.

जमशेदपुर

झारखंड राज्य आम निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए बीजेपी समर्थित प्रत्याशी ने नामांकन किया मौके पर सरयू राय ने कहा कि इस चुनाव में बीजेपी समर्थित प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है. वहीं बन्ना गुप्ता पर निशाना साधा.

झारखंड में होने वाले निकाय चुनाव के अंतर्गत नामांकन के अंतिम दिन जमशेदपुर मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए कई प्रत्याशियों ने नामांकन किया है, जिसमें बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचीं और नामांकन किया इस दौरान बीजेपी जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौजूद रहे.

वहीं मेयर पद के लिए महिला चिकित्सक डॉ. बिनीता सहाय ने भी नामांकन किया है. डॉ. बिनीता सहाय ने बताया कि मानगो की महिलाओं की समस्या को दूर करना मेरी प्राथमिकता है, उनकी सुरक्षा और शिक्षा पर विशेष ध्यान रहेगा, मैं मानगो को स्वच्छ सुंदर और स्वस्थ बनाऊंगी.

एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने कहा कि पहली बार क्षेत्र में निगम चुनाव हो रहा है. मैदान में सभी हैं लेकिन काम करने वाले को जनता का समर्थन मिलेगा. मैं उनकी सेवा करूंगी.

वहीं इस मौके पर मौजूद जमशेदपुर पश्चिम के जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि एनडीए समर्थित प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है. जनता ने मन बना लिया है. सरयू राय ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मानगो से कितना समर्थन मिलता है? वो पुराने आंकड़े बताते हैं. बन्ना द्वारा मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं.

जामताड़ा

जामताड़ा में नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन पर्चा दाखिल करने के आखिरी दिन काफी गहमागहमी का माहौल रहा. अंतिम दिन प्रत्याशियों में नामांकन पर्चा दाखिल करने के लिए काफी गहमागहमी रही. वार्ड परिषद एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार द्वारा नामांकन का पर्चा दाखिल करने को लेकर होड़ लगी रही.

जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद, जामताड़ा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी समर्थित प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा भरा.

नामांकन के अंतिम दिन जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी ने दूसरे सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इससे पहले रीना कुमारी ने एक दिन पहले अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया था.

अंतिम दिन दूसरे सेट में नामांकन पर्चा भरा. दूसरी ओर में मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी समर्थित प्रत्याशी जय श्रीदेवी ने अपना नामांकन पर्चा भरा.

जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही बीजेपी समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी ने अपनी जीत का दावा करते हुए बताया कि जनता का अपार समर्थन मिला है और 15 साल से जो जामताड़ा नगर का जो विकास हुआ है.

उसको और आगे बढ़ने का काम करेगी. बता दें कि रीना कुमारी पूर्व में जामताड़ा नगर पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं.

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही बीजेपी समर्थित प्रत्याशी जयश्री देवी पूर्व में भी नहीं जामनगर परिषद के अध्यक्ष रह चुकी हैं और उनके पति बीजेपी नेता कमल गुप्ता जामनगर परिषद के अध्यक्ष रह चुके हैं और लगातार जामनगर परिषद अध्यक्ष में अपना दबदबा बनाए रखे हुए हैं लेकिन इस बार फिर जयश्री देवी चुनाव लड़ रही हैं. इन्होंने जीत का दावा करते हुए अपना मुख्य मुद्दा विकास बताया है.

बोकारो

बोकारो के चास नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. बुधवार को पूर्व मंत्री समरेश सिंह की बहू और बीजेपी नेता परिंदा सिंह ने शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया. परिंदा सिंह ने गर्गापुल स्थित काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की.

इसके बाद समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ रैली निकालते हुए मेयर प्रत्याशी के रूप में नामांकन पर्चा भरने के लिए रवाना हुई. रैली के दौरान उन्होंने जनता से अपने पक्ष में मतदान की अपील की.

बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा बताया गया है कि पार्टी की आंतरिक बैठक में रायशुमारी के बाद परिंदा सिंह का नाम सबसे आगे होने के बावजूद उनका नाम सूची में शामिल नहीं था.

जिससे क्षेत्र की जनता में भारी नाराजगी थी. पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, बैठक के दो दिनों तक इस बात पर मंथन चलता रहा कि मेयर पद के लिए चुनाव लड़ा जाए या नहीं? इसके बाद जनता के आग्रह और समर्थन पर परिंदा सिंह ने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया.

परिंदा सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अब तक जो विकास कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि चास की जनता को एक मजबूत और ईमानदार नेतृत्व का अवसर मिला है. महिलाओं और मातृशक्ति की भूमिका को अहम बताते हुए उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में महिलाएं मजबूती से आगे आ रही हैं.

परिंदा सिंह ने बिजली, पानी, सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं से मिलकर निजात दिलाने का भरोसा भी जनता को दिलाया.

पाकुड़

पाकुड़ में नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डो के वार्ड पार्षद एवं अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन 49 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया.

अध्यक्ष पद के 6 एवं वार्ड पार्षद के 43 प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पर्चा दाखिल किया. नगर निकाय चुनाव में खासकर अध्यक्ष पद पर राजनीतिक दलों द्वारा अपने समर्थित प्रत्याशियों के मैदान में उतारने के बाद नगर निकाय चुनाव राजनीतिक दलों का अखाड़ा बन गया है.

नामांकन के अंतिम दिन भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के तौर पर महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष संपा साहा, कांग्रेस की जिला महासचिव मोनिता कुमारी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के मुकुल भट्टाचार्य ने नामांकन पर्चा दाखिल किया है.

राजनीतिक दलों द्वारा समर्थित प्रत्याशियों के नामांकन के मौके पर दलों के जिलाध्यक्ष के अलावा प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता भी नामांकन स्थल समाहरणालय पहुंचे.