Newshaat_Logo

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली पेंचक सिलाट की बेटियों को राज्यपाल ने किया सम्मानित

Ranchi: झारखंड की प्रतिभाशाली पेंचक सिलाट मार्शल आर्ट खिलाड़ियों ने राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली बेटियों को सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ अभ्यास, संघर्ष और भविष्य की तैयारियों की जानकारी राज्यपाल को दी. राज्यपाल ने बेटियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां राज्य और देश का मान बढ़ाती हैं.
 
JHARKHAND

Ranchi: झारखंड के पेंचक सिलाट मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है. झारखंड पेंचके सिलाट संघ के तत्वावधान में प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की.

खिलाड़ियों ने उपलब्धि और अनुभव साझा किए

इस अवसर पर गुजरात के आणंद में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता पेंचक सिलाट लीग की सब जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. यह प्रतिनिधिमंडल संघ की प्रदेश महासचिव और संस्थापक डॉली कुमारी सिंह के नेतृत्व में राजभवन पहुंचा. मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया, जिसे राज्यपाल ने ध्यानपूर्वक सुना और उनकी मेहनत की सराहना की.

झारखंड को किया गौरवान्वित

राज्यपाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन बेटियों ने अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

इस दौरान खिलाड़ियों और संघ के पदाधिकारियों ने पेंचक सिलाट खेल को झारखंड में सरकारी मान्यता दिलाने की मांग भी रखी. इस पर राज्यपाल ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि इस दिशा में जल्द आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि इस खेल को भी अन्य खेलों की तरह प्रोत्साहन और सुविधाएं मिल सके.

संघ की प्रदेश सचिव डॉली कुमारी सिंह ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजभवन में मिला सम्मान और प्रोत्साहन खिलाड़ियों के मनोबल को नई ऊर्जा देगा. उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और यदि उन्हें उचित मंच व सुविधाएं मिले तो वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं.

इस अवसर पर सम्मानित होने वाली खिलाड़ियों में पलक साहू (स्वर्ण पदक), जानवी आलिया महतो (रजत पदक), तेजस्विनी खाती, आस्था, विशाखा थापा, कृपा राणा और स्वेता कुमारी (सभी कांस्य पदक) शामिल रही. इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड को गौरव दिलाया.

खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी

कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष किशोर मंत्री, चीफ टेक्निकल डायरेक्टर विजय कुमार लिम्बु, अंजन राणा, कोच सूरज चिक बड़ाइक और अमृत मुंडा समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे. सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस संबंध में जानकारी संघ की प्रवक्ता शबनम मिंज ने दी.