डूरंड कप देखने का शानदार मौका, 22 जुलाई से शुरू होगी 'जीरो टिकट' बुकिंग, ग्रुप स्टेज मैचों का मुफ्त उठाएं लुत्फ
Ranchi: फुटबॉल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के तहत 22 जुलाई 2026 से 'जीरो टिकट' जारी किए जाएंगे, जिनकी मदद से दर्शक ग्रुप स्टेज के मुकाबले बिना किसी शुल्क के देख सकेंगे. आयोजकों का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रशंसकों को स्टेडियम तक लाना और टूर्नामेंट के प्रति उत्साह बढ़ाना है.

दर्शक आधिकारिक टिकटिंग प्लेटफॉर्म या निर्धारित माध्यमों से ₹0 मूल्य वाले ई-टिकट बुक कर सकेंगे. हालांकि टिकट मुफ्त होंगे, लेकिन स्टेडियम में प्रवेश के लिए वैध 'जीरो टिकट' होना अनिवार्य रहेगा. सीटें उपलब्धता के आधार पर दी जाएंगी. टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में 12 काउंटरों के माध्यम से 'जीरो टिकट' (निःशुल्क टिकटों) का वितरण शुरू होगा. टिकट लेने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. टिकट वितरण प्रतिदिन सुबह 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक होगा.
उधर, सोमवार को खेल निदेशक छवि रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 26 जुलाई शुरू हो रहे टूर्नामेंट के रांची चरण के उद्घाटन मुकाबले का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. प्रेस कांफ्रेंस में भारतीय सेना के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा मौजूद थे. टूर्नामेंट को लेकर बिरसा स्टेडियम में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
क्या है जीरो टिकट?
‘जीरो टिकट’ ऐसा प्रवेश टिकट होता है, जिसके लिए दर्शकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता. टिकट का मूल्य शून्य होता है, लेकिन प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए इसका वितरण किया जाता है.
डीसी ने सभी टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों व पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा जांच और कंट्रोल रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने खिलाड़ियों व टीम अधिकारियों की सुरक्षित आवाजाही, एंबुलेंस, मेडिकल टीम, चिकित्सक, दवाएं, फायर ब्रिगेड, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और शौचालय जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया. बैठक में 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी.







