Newshaat_Logo

Hazaribagh Teacher Transfer: 10 साल से एक ही स्कूल में जमे शिक्षकों का होगा ट्रांसफर, 25 अगस्त तक रिपोर्ट तलब

Hazaribagh: जिले में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. 10 साल या उससे अधिक समय से एक ही जगह जमे शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाएगा. इसे लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे शिक्षकों का ब्योरा मांगा है. DC ने 25 अगस्त तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. रिपोर्ट मिलने के बाद लंबे समय से एक ही विद्यालय या स्थान पर पदस्थापित शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

 
JHARKHAND

Hazaribagh: जिले में शिक्षकों की लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्यालयों में पठन-पाठन, शिक्षक एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, पाठ्यपुस्तक वितरण, सेवा संपुष्टि और शिक्षकों के स्थानांतरण समेत कई मुद्दों की समीक्षा की गयी।

10 साल से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों का होगा स्थानांतरण

उपायुक्त हेमन्त सती ने निर्देश दिया कि कक्षा 1 से 8 तक में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू की जाए। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक में छह वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी नियम के तहत आगे बढ़ाने को कहा गया है।

प्रशासन के इस निर्देश के बाद लंबे समय से एक ही विद्यालय या स्थान पर पदस्थापित शिक्षकों के स्थानांतरण का रास्ता साफ हो गया है।

विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर

बैठक में उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित रूप से टेस्ट परीक्षा आयोजित कराने और विद्यार्थियों की पढ़ाई की प्रगति का आकलन करने पर भी जोर दिया।

मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता को लेकर भी डीसी ने अधिकारियों को नियमित जांच करने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

कक्षा 1 से 5 के बच्चों की बुनियादी शिक्षा पर फोकस

उपायुक्त ने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों में धारा प्रवाह पढ़ने-लिखने और बुनियादी विषयों की समझ विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की नींव मजबूत करना शिक्षा व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।

सेवा संपुष्टि के लंबित मामलों पर भी सख्ती

बैठक में शिक्षकों और कर्मियों की सेवा संपुष्टि से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने सभी लंबित मामलों को 25 अगस्त तक भेजने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की सर्विस बुक अपडेट रखने और विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में परीक्ष्यमान समाहर्ता पूर्वा अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक आकाश कुमार समेत सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) और संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों को शिक्षा विभाग से जुड़े निर्देशों का समयबद्ध तरीके से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।