Newshaat_Logo

झारखंड में अगले 5 दिन मौसम रहेगा मेहरबान, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गर्मी से राहत लेकिन जलभराव का खतरा

 
झारखंड में अगले 5 दिन मौसम रहेगा मेहरबान, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गर्मी से राहत लेकिन जलभराव का खतरा

 

Jharkhand News: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत राज्य के 12 जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि लगातार बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से राज्य के दक्षिणी और पलामू प्रमंडल के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों ने रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लातेहार में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा सिमडेगा में 78.4 मिमी, चंदवा में 64.5 मिमी, विश्रामपुर में 35.9 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 35.8 मिमी, पंचेत में 32.2 मिमी और लोहरदगा में 27.2 मिमी वर्षा हुई। वहीं रांची, दुमका, गुमला और रामगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मानसून अब भी सामान्य से कमजोर

बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद झारखंड में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से करीब 40 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में अब तक 210.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 359.8 मिमी होनी चाहिए थी। राजधानी रांची में भी अब तक 280.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब 24 प्रतिशत कम है।

तापमान में गिरावट, लोगों को मिली राहत

लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण राज्यभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम सुहावना बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलजमाव और स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।