Movie prime

हेमंत सरकार दे रही सहिया कर्मियों को तोहफा, अब मासिक आय में 2000 की बढ़ोतरी करेगी राज्य सरकार

Jharkhand Desk: उन्होंने कहा कि इस फैसले से जमीनी स्वास्थ्य कर्मियों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. सहिया,सहिया साथी, बीटीटी और एसटीटी हमारी स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाने का काम करते हैं. 
 
Jharkhand Desk

Jharkhand Desk: झारखंड की हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही इंडिया ब्लॉक की सरकार ने राज्य भर में कार्यरत सहिया दीदियों, सहिया साथी व प्रखंड साधन सेवियों के मानदेय व प्रोत्साहन राशि में बढ़ोत्तरी कर उन्हें एक बढ़ा तोहफा दिया है. सरकार ने सहिया (आशा) का मासिक मानदेय/प्रोत्साहन राशि 2000 से बढ़ाकर 4000 कर दिया है.

Jharkhand News

इसके अलावा सहिया साथियों का दैनिक (अधिकतम 24 दिन) के आधार दी जा रही प्रोत्साहन राशि में प्रतिदिन 50 रुपए की बढ़ोतरी की है. वहीं, स्वतंत्र साधन सेवी (बीटीटी व एसटीटी) के दैनिक (अधिकतम 24 दिन) प्रोत्साहन राशि में क्रमश: 80 रुपये व 100 रुपये की वृद्धि की गयी है. मानदेय और प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी का अनुमोदन भी विभाग को मिल चुका है.
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 'झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी' कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत कार्यरत सहिया (आशा), सहिया साथी एवं स्वतंत्र साधन सेवी (बीटीटी एवं एसटीटी) को राज्य योजना मद से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने के लिए लगभग 01 अरब 08 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है.
स्वास्थ्य कर्मियों के जीवन में आएगी उन्नति: इरफान अंसारी
सहिया और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के मानदेय/प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने कहा कि राज्य की हजारों सहिया, सहिया साथी, प्रखंड प्रशिक्षक दल (बीटीटी) और राज्य प्रशिक्षक दल (एसटीटी) द्वारा वर्षों से की जा रही अनवरत सेवा भाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. इससे गांव-कस्बों में स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाने वालों में उत्साह का संचार होगा और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी.
उन्होंने कहा कि इस फैसले से जमीनी स्वास्थ्य कर्मियों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. सहिया,सहिया साथी, बीटीटी और एसटीटी हमारी स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाने का काम करते हैं.
उनके कार्यों का सम्मान और उचित मानदेय मिले, यह उनका अधिकार हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि इस निर्णय से विभाग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, इसके बावजूद हमने सहिया, सहिया साथी एवं स्वतंत्र साधन सेवियों के हित में यह उठाया है.
'झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी' कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अधीन कार्यरत 46131 लोगों को मानदेय/प्रोत्साहन राशि वृद्धि का लाभ मिलेगा. इसमें 42964 सहिया, 2420 सहिया साथी, 699 प्रखंड प्रशिक्षक दल एवं 48 राज्य प्रशिक्षक दल के कर्मी शामिल हैं.
उक्त कर्मियों को वर्तमान में देय राशि का भुगतान एनएचएम के द्वारा किया जाता है. वार्षिक कार्य प्रदर्शन के आधार पर अब राज्य योजना मद से यह बढ़ाई गयी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. जिसपर इस पर 10834.65 लाख का व्यय राज्य सरकार करेगी.