हेमंत सरकार का तोहफा: मंत्री चमरा लिंडा ने बांटी साइकिल, छात्रों को बड़ी सौगात साथ ही बड़ी घोषणा
Ranchi: झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की ओर से छात्रों के लिए एक और बड़ी सौगात दी गई है. राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा ने एक कार्यक्रम के दौरान 800 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया. इस मौके पर उन्होंने शिक्षा से जुड़ी एक अहम घोषणा भी की, जिससे छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज इलाकों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है. साइकिल वितरण से खासकर उन छात्राओं को फायदा होगा, जिन्हें स्कूल आने-जाने में दूरी और संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ता है.

इस कार्यक्रम के दौरान कक्षा के 800 मेधावी और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच नई साइकिलों का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया. इसके बाद अपने हाथों से बच्चों को साइकिलों की चाबी सौंपी. इस दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का वास्तविक मकसद केवल बच्चों को साइकिल बांटना नहीं है, बल्कि इसके जरिए विद्यार्थियों की राह आसान कर उन्हें स्कूल की दहलीज से लेकर देश की राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के शिखर तक पहुंचाना है.

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री चमरा लिंडा ने सरकार की शिक्षा कल्याणकारी योजनाओं का खाका पेश किया. उन्होंने बताया कि अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC), अल्पसंख्यक (Minority) एवं पिछड़ा वर्ग (OBC) कल्याण विभाग द्वारा पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर और होनहार बच्चों के लिए आईआईटी-जेईई (IIT-JEE) और मेडिकल (NEET) सहित अन्य बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की शानदार व्यवस्था की जा रही है. इसी कड़ी में उन्होंने एक घोषणा की.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब यूपीएससी (UPSC) जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी देश के शीर्ष और प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से मुफ्त कोचिंग और आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के मेगा प्लान पर तेजी से काम कर रही है. इस कदम से झारखंड के दूर-दराज और गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों का आईएएस-आईपीएस (IAS-IPS) बनने का सपना सच हो सकेगा.
कल्याण मंत्री ने इस योजना के फायदों पर बात करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के बच्चों, खासकर बालिकाओं की स्कूल तक पहुंच बेहद आसान और सुरक्षित हो जाएगी. दूरी और परिवहन के साधनों की कमी के कारण जो बच्चे बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते थे, वे अब नियमित रूप से स्कूल आ सकेंगे. जिससे विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ेगी और उनके भीतर पढ़ाई के प्रति एक नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा. उन्होंने दोहराया कि हेमंत सोरेन सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. बजटीय आवंटन में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है.
इस गरिमामयी और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम में टीवीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कल्याण विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में आए अभिभावक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. साइकिल पाकर बेहद खुश नजर आ रहे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री और कल्याण मंत्री का आभार जताया.







