Movie prime

गजट नोटिफिकेशन में क्यों हो रही है देरी, वजह बताएं हेमंत सोरेन: बीजेपी

Jharkhand Desk: सरकारी गजट नोटिफिकेशन में देरी पर बीजेपी ने दुख जताते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि किन तकनीकी वजहों से शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलनकारी का दर्जा देने वाले आयोग की अनुशंसा का गजट नोटिफिकेशन नहीं हो रहा है, इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए.
 
JHARKHAND DESK

Jharkhand Desk: अलग राज्य झारखंड के लिए हुए आंदोलन के पुरोधा, पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलनकारी के रूप में मान्यता पाने के लिए सरकारी 'गजट नोटिफिकेशन' का इंतजार है. दरअसल, झारखंड राज्य में आंदोलनकारियों के हितों की रक्षा करने के लिए लगातार संघर्ष करने वाले झारखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक महासचिव पुष्कर महतो ने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है.

Dishom Guru Shibu Soren

पुष्कर महतो का मानना है कि मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से जल्द दिशोम गुरु को झारखंड आंदोलनकारी का दर्जा देने का गजट नोटिफिकेशन की मांग करते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के झारखंड आंदोलनकारियों के चिन्हितीकरण के लिए बने आयोग ने झारखंड के आंदोलनकारियों में दिशोम गुरु को पहले नंबर पर रखा जरूर है, लेकिन जब तक सरकार की ओर से इसका नोटिफिकेशन नहीं हो जाता, तब तक सरकारी दस्तावेज में या तकनीकी रूप से शिबू सोरेन को 'झारखंड आंदोलनकारी' नहीं माना जा सकता है. 

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के पुष्कर महतो ने बताया कि बाबा यानी गुरुजी अलग झारखंड राज्य निर्माण के लिए हुए आंदोलन के अगुआ होने के बावजूद अभी तक सरकारी दस्तावेजों में झारखंड के आंदोलनकारी नहीं हैं, जबकि झारखंड में 25 हजार से अधिक की संख्या में वैसे आंदोलनकारी हैं, जिनका गजट नोटिफिकेशन हो चुका है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलनकारी का दर्जा देकर सम्मान देने वाले आयोग की अनुशंसा पर सरकार द्वारा गजट नोटिफिकेशकन में देर क्यों किया जा रहा है.

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक महासचिव पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग को कार्य विस्तार देने और गुरु जी को लेकर शीघ्र गजट नोटिफिकेशकन की मांग, मोर्चा की ओर से की जाती रही है. कई बार लिखित में भी यह मांग मुख्यमंत्री को समर्पित की गई है.

सरकारी गजट नोटिफिकेशन में देरी पर बीजेपी ने दुख जताते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि किन तकनीकी वजहों से शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलनकारी का दर्जा देने वाले आयोग की अनुशंसा का गजट नोटिफिकेशन नहीं हो रहा है, इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए. शिवपूजन पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री की कलम क्यों इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर नहीं चल रही है, इसका जवाब देना चाहिए.

सभी दस्तावेज और गजट से ऊपर है दिशोम गुरु: झामुमो

शिबू सोरेन को सरकारी स्तर पर झारखंड आंदोलनकारी का दर्जा देने के लिए जरूरी गजट नोटिफिकेशन में हो रही देरी को लेकर ईटीवी भारत ने जब झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय से बात की तो उन्होंने बताया कि जहां तक उन्हें जानकारी है, उसके अनुसार झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग की सूची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी नाम है, अब गजट नोटिफिकेशन की बारीकियों की कोई जानकारी उन्हें नहीं है.

झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता ने बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन देवतुल्य नेता और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शख्सियत रहे हैं. लंदन और जर्मनी के पाठ्यक्रम में उनके संघर्षों को पढ़ाया जाता है, ऐसे में किसी दस्तावेज और गजट से ऊपर का कद दिशोम गुरु का रहा है, वह हम सबके दिल में रहते हैं.