असम में चुनावी सरगर्मी तेज, उससे पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में टेका माथा
Deoghar: Himanta Biswa Sarma का Baba Baidyanath Dham पहुँचना राजनीतिक और धार्मिक दोनों नजरियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर जब Assam में चुनाव नजदीक हों.
असम विधानसभा चुनाव से महज एक दिन पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा बुधवार को झारखंड के देवघर पहुंचे. यहां पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.
सत्संग आश्रम और बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना
स्वागत कार्यक्रम के तुरंत बाद हिमंता बिस्वा सरमा देवघर के प्रसिद्ध सत्संग आश्रम पहुंचे. यहां उन्होंने थोड़ी देर पूजा-अर्चना की.
इसके बाद वह सीधे बैद्यनाथ धाम (बाबा बैद्यनाथ मंदिर) पहुंचे और वहां भी विशेष पूजा की. पूजा से पहले मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया था. मंदिर परिसर में आम श्रद्धालुओं को थोड़ी देर के लिए प्रवेश नहीं दिया गया, लेकिन सीएम की पूजा समाप्त होते ही मंदिर के पट फिर से आम लोगों के लिए खोल दिए गए.
सीएम हिमंता के साथ रहे निशिकांत दुबे दंपती
मंदिर में पूजा के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ भाजपा के वरिष्ठ सांसद निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं. पूजा के बाद सीएम थोड़ी देर विश्राम और भोजन के लिए निशिकांत दुबे के आवास पर ठहरे.
देवघर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की. उन्होंने साफ कहा कि चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए अभी कोई बयान नहीं देंगे. उन्होंने कहा, “चुनाव में जीत के बाद मीडिया से खुलकर बात करेंगे.”
राजनीतिक चर्चाएं तेज
असम चुनाव से ठीक एक दिन पहले सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में आशीर्वाद लेना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.
वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा जोरों पर है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में असम के कामाख्या मंदिर में जाकर चुनावी जीत का आशीर्वाद मांगा था. अब दोनों ही मुख्यमंत्रियों के मंदिर दर्शन को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है.
पूजा समाप्त करने के बाद हिमंता बिस्वा सरमा निशिकांत दुबे के साथ देवघर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए, जहां से वह असम लौटेंगे.
अब सभी की निगाहें असम विधानसभा चुनाव के नतीजों पर टिकी हैं कि भगवान बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद के साथ जनता का आशीर्वाद किसे मिलता है.







