रांची में खौफनाक सड़क हादसा: दूध टैंकर और हाइवा की आमने-सामने टक्कर, स्टेयरिंग में फंसा रहा शव..ड्राइवर की दर्दनाक मौत
Ranchi: रांची के ओरमांझी में बुधवार दोपहर 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना रांची-रामगढ़ उच्च पथ पर चुटुपालु स्थित सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल के पास की है. जानकारी के मुताबिक, रांची की ओर जा रहे ईंट लदे हाइवा (JH 09AK 1636) को पीछे से आ रहे दूध टैंकर (UP 32RT 2978) ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैंकर के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई.

स्टेयरिंग में फंसा चालक, एक घंटे तक चला महा-रेस्क्यू
टक्कर इतनी भीषण थी कि, टैंकर का चालक स्टेयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया. सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद दो हाइड्रा मशीनों की मदद ली गई और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, स्टेयरिंग काटकर चालक को बाहर निकाला जा सका. गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत ओरमांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
नींद की झपकी बनी काल, एमपी का था रहने वाला
प्राप्त सूचना के अनुसार, टैंकर चालक दिल्ली से दूध लेकर रांची आ रहा था और चुटुपालु टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर पहले, उसे अचानक नींद आ गई. मृत चालक की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अरौन गांव निवासी, मान सिंह, के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. इस घटना के बाद हाईवे पर सुरक्षा और चालकों की थकान को लेकर, एक बार फिर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है.







