Movie prime

झारखंड राजद कार्यालय में इफ्तार पार्टी का आयोजन, मंत्री विधायक समेत कार्यकर्ता हुए शामिल..

Ranchi: इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने क्षेत्र में अमन चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द्र की दुआ की. इफ्तार पार्टी को लेकर राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि हमारे नेता लालू प्रसाद यादव का संदेश है कि इस देश को फिरकापरस्त ताकतों से बचाना है. भारत की समृद्ध विरासत यही है कि हमसब मिलजुलकर एक दूसरे के सुखदुख के भागीदार होते हैं. ईद का त्योहार तो प्रेम और भाईचारे का त्योहार है.
 
JHARKHAND

Ranchi: रमजान के पावन महीने में झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया. इफ्तार में दिन भर उपवास पर रहे रोजेदारों ने अपनी धार्मिक रीति रिवाजों के साथ इफ्तार किया. वहीं धर्मगुरुओं ने अल्लाह से झारखंड, हिंदुस्तान और समस्त विश्व की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की. इसके बाद प्रदेश कार्यालय में सामूहिक दावते इफ्तार किया.

झारखंड राजद कार्यालय में आयोजित दावत-ए-इफ्तार में प्रदेश राजद के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, मंत्री संजय प्रसाद यादव, राजद नेता अनिता यादव, प्रदेश सचिव रामकुमार यादव, लालू प्रसाद के सेवक रहे पार्टी उपाध्यक्ष इरफान अहमद अंसारी, प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार और कैलाश यादव के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे. राजद के इस इफ्तार पार्टी में झामुमो के कोटे से हेमंत सरकार में मंत्री हफीजुल हसन भी शामिल हुए.

इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने क्षेत्र में अमन चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द्र की दुआ की. इफ्तार पार्टी को लेकर राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि हमारे नेता लालू प्रसाद यादव का संदेश है कि इस देश को फिरकापरस्त ताकतों से बचाना है. भारत की समृद्ध विरासत यही है कि हमसब मिलजुलकर एक दूसरे के सुखदुख के भागीदार होते हैं. ईद का त्योहार तो प्रेम और भाईचारे का त्योहार है. राजद कार्यालय में दावते इफ्तार का आयोजन का उद्देश्य यही है कि समाज में यह संदेश जाए कि जब हम सब मिलकर रहेंगे तभी देश आगे बढ़ेगा और भारत वास्तविक रूप में विश्वगुरु बनेगा.

वहीं राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश में सामजिक सौहार्द को बिगाड़ कर लाभ उठाने की राजनीति बढ़ी है. लेकिन उनके नेता लालू प्रसाद का साफ संदेश है कि वह बिहार-झारखंड और देश में सांप्रदायिक शक्तियों को उठने नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि आपसी प्रेम और भाईचारे से संप्रदायिक शक्तियों को परास्त करेंगे.

राज्य में चल रही महागठबंधन की सरकार में शामिल दोनों मंत्री संजय प्रसाद यादव और हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम से जुड़े रामनवमी के त्योहार जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, ये भाजपा के लोग डीजे के बहाने सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करना शुरू कर दिया है. ऐसे में हम सबको जागरूक रहना है. बिना किसी के बहकावे में आए, अपनी गंगा जमुनी एकता को कायम रखते हुए ईद, सरहुल और रामनवमी मनाना है. राजद नेताओं ने कहा कि रमजान का महीना संयम, सब्र और इंसानियत का पैगाम देता है. रोजा रखने से इंसान के अंदर आत्मिक शुद्धि का संचार होता है और सेहत को भी लाभ मिलता है.