Newshaat_Logo

जमशेदपुर में बुलडोजर की कार्रवाई: सरकारी जमीन पर बनी अवैध बिल्डिंग ढही

 
जमशेदपुर में बुलडोजर की कार्रवाई: सरकारी जमीन पर बनी अवैध बिल्डिंग ढही

Jharkhand/ Jamshedpur: झारखंड के जमशेदपुर में हुरलुंग मौजा में प्रशासन ने शुक्रवार को सरकारी जमीन पर बनी तीन तल्ला बिल्डिंग को ढहा दिया। इस बिल्डिंग का निर्माण एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत में किया गया था।

जानकारी के अनुसार, यह बिल्डिंग खाता नंबर 426, प्लॉट नंबर 1354, रकवा 7.60 डिसमिल जमीन पर बनाई जा रही थी, जिस पर सुरेन्द्र प्रसाद ने कब्जा कर रखा था। उन्होंने इस जमीन पर रंजना रिंज नामक संस्था के माध्यम से निर्माण कराया।

घटना के पीछे दिलचस्प पहलू यह है कि इस मामले की जानकारी आरोपी के पुत्र शैलेश कुमार ने अंचलाधिकारी को दी थी। इसके बाद अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जेपीएलई का केस दायर किया गया और बिल्डिंग को ढहाने का आदेश पारित किया गया।

इस कार्रवाई में जमशेदपुर के सिटी मैनेजर जितेन्द्र कुमार, सीआई बलवंत सिंह, अमीन और राजस्व कर्मचारी मौजूद थे। साथ ही बिरसानगर थाने की पुलिस भी तैनात रही। दो जेसीबी की मदद से बिल्डिंग के निचले हिस्से को तोड़कर काफी नुकसान पहुँचाया गया। हालांकि, अभी पूरी बिल्डिंग ढही नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने जमीन के किसी भी प्रकार के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए। यही कारण है कि एकतरफा आदेश पारित कर बिल्डिंग ढहाने की कार्रवाई की गई। खबरों के मुताबिक पिता और पुत्र के बीच जमीन और बिल्डिंग को लेकर विवाद हुआ था, जिससे मामला सीधे अंचल कार्यालय तक पहुँच गया।

प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध कब्जे और निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।