'मौसी से मिलकर आ रहा हूँ'...किसे पता था कि अब आलोक दोबारा नहीं आएगा, वज्रपात ने छीन लिया घर का दीपक...
Bokaro: बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा होना एक छात्र को भारी पड़ गया. वज्रपात की चपेट में आने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, छात्र बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा था. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
![]()
मृतक सेक्टर-1सी, क्वार्टर नंबर 1074 के सेमी परमानेंट का निवासी था. जानकारी के अनुसार, घटना के समय बारिश शुरू होने पर आलोक बचाव के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया. इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया. गंभीर अवस्था में परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने बताया कि आलोक यह कहकर घर से निकला था कि वह अपनी मौसी से मिलने जा रहा है. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी यात्रा साबित होगी. मामले में सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है. प्राकृतिक आपदा के कारण मौत हुई है. अननेचुरल डेट का मामला बनता है. मामले में परिजन को नियमानुसार सरकारी मुआवजा मिलेगा.
घटना के बाद सदमे में परिवार
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. आलोक के पिता लक्ष्मण तुरी, जो एडीएम बिल्डिंग परिसर में एक छोटी चाय दुकान चलाते हैं, बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं. वहीं सदर अस्पताल में मां का रो रोकर बुरा हाल है. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया. इधर मृतक आलोक के पिता का कहना है वे मैट्रिक की परीक्षा पास किया था और आगे नामांकन के लिए बोले थे.







