झारखंड में निकाय चुनाव और मैट्रिक, इंटर की परीक्षा साथ में होने से परीक्षार्थियों को हो सकती है दिक्कतें, जिला प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था 'Quick Response'
Dhanbad: जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स के तहत परीक्षार्थियों और अधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जाएगा...
Feb 2, 2026, 22:18 IST
Dhanbad: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच धनबाद में 3 फरवरी से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हो रही है. चुनावी नामांकन प्रक्रिया के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है.
जिससे परीक्षार्थियों और परीक्षा से जुड़े पदाधिकारियों के फंसने की आशंका है. जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स के तहत परीक्षार्थियों और अधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जाएगा.
जिला प्रशासन के लिए नगर निकाय चुनाव और बोर्ड परीक्षा को एक साथ शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराना बड़ी चुनौती है.
4 फरवरी तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहने के कारण प्रतिदिन सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है. इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट मोड में रखा है.
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को देखते हुए स्ट्रांग रूम को आठ लेयर सुरक्षा में रखा गया है.
अगर कोई परीक्षार्थी या पदाधिकारी जाम में फंसता है तो वे संबंधित अधिकारियों, स्ट्रॉन्ग रूम या डायल 112 की सेवा का लाभ ले सकते हैं. ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया है कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाए जाएंगे.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में सोमवार रात से धारा 163 लागू कर दी जाएगी, जो परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी.
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और बिना लिखित आदेश के किसी सूचना को मान्य न करने के निर्देश दिए गए हैं.
इस वर्ष जिले में मैट्रिक परीक्षा में लगभग 29,500 और इंटरमीडिएट परीक्षा में करीब 25,000 परीक्षार्थी शामिल होंगे. मैट्रिक के लिए 96 और इंटर के लिए 81 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
सोमवार को न्यू टाउन हॉल में उपायुक्त और एसएसपी ने परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर टाइम मैनेजमेंट, सीटिंग प्लान, प्रश्न पत्र वितरण, वीडियोग्राफी और उपस्थिति पंजी सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं.
प्रशासन का दावा है कि सभी संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएंगी.







