झारखंड बजट सत्र में धनबाद में एयरपोर्ट की उठी मांग, अरुप चटर्जी और मथुरा महतो सवालों के लिए खींचतान..
Ranchi: बजट सत्र के छठे दिन ध्यानाकर्षण के दौरान भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने धनबाद में एयरपोर्ट की जरूरत का मसला उठाया. उन्होंने कहा कि धनबाद जिला कोयला उत्पादन, उद्योग, आईआईटी-आईएसएम, व्यापार और पर्यटन के लिहाज से बेहद खास है. इसके बावजूद अब तक धनबाद में एयरपोर्ट नहीं है. धनबाद के बरवाअड्डा में 1B टाइप का एयरपोर्ट है, जहां से सिर्फ छोटे विमान उड़ान भर सकते हैं. शुरुआती जवाब में मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि धनबाद से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर बोकारो में एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है. उसका इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके बाद इस मसले पर लंबी खींचतान के बाद निष्कर्ष निकला.
प्रभारी मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि धनबाद में सघन आबादी है. साथ ही जमीन की उपलब्धता नहीं है. इस वजह से बोकारो में एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है. उन्होंने कहा कि कैटेगरी 2 सी के लिए और 37 एकड़ और 3सी टाइप के लिए 113 एकड़ भूमि की जरूरत पड़ेगी. क्योंकि इसके लिए 1990 मीटर का रनवे होता है. इसलिए जमीन की किल्लत को लेकर धनबाद में एयरपोर्ट बना पाना संभव नहीं है.
इसपर झामुमो विधायक मथुरा महतो ने कहा कि बलियापुर प्रखंड में ऑलरेडी 100 एकड़ जमीन उपलब्ध है. कुछ एकड़ की व्यवस्था करनी होगी. कल-कारखाना के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि योग्य भूमि का अधिग्रहण कर लिया जाता है, फिर एयरपोर्ट के लिए क्यों नहीं. विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि जब आईआईटी-आईएसएम के लिए 450 एकड़ दे सकते हैं तो क्या धनबाद में एयरपोर्ट के लिए 113 एकड़ जमीन नहीं दे सकते हैं.
क्यों है धनबाद में एयरपोर्ट की जरूरत
जवाब में प्रभारी मंत्री ने कहा कि धनबाद में जमीन को लेकर कई दिक्कते आएंगी. इसपर विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि क्या विभाग ने धनबाद के डीसी को जमीन की उपलब्धता के लिए कभी कोई पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट को बेहद जरूरत है. धनबाद ट्रेडिंग सेंटर है. तोपचांची में एयरपोर्ट बनता है तो जैन धर्म के लोग देश-विदेश से आकर वहां से पारसनाथ शिखर जी के दर्शन के लिए जा सकेंगे. वहां काफी कस्टमर मिलेंगे.
सवालों की लंबी फेरहिस्त और सुझाव के बाद प्रभारी मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि इस मसले पर एकबार उपायुक्त से रिपोर्ट तलब किया जाएगा. यह देखा जाएगा कि भूमि की उपलब्धता हो सकती है या नहीं. साथ ही एयरपोर्ट ऑथोरिटी से भी इसको लेकर पत्राचार किया जाएगा. यह पूछा जाएगा कि धनबाद से 50 किलोमीटर की दूरी पर बोकारो में एयरपोर्ट बन रहा है. ऐसे में क्या धनबाद में एयरपोर्ट बनना संभव है.







