Newshaat_Logo

लगातार बारिश से कोयला क्षेत्र में संकट, केंदुआ में दोबारा भू-धंसान, धनबाद- बोकारो रूट पर असर

Dhanbad: धनबाद में बारिश के बीच केंदुआ इलाके में एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है, जिससे धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर बड़ा खतरा पैदा हो गया है. स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है क्योंकि सड़क के नीचे नया गड्ढा (गोफ) बन गया है और लगातार जमीन खिसक रही है.
 
JHARKHAND

Dhanbad: लगातार हो रही बारिश के बीच केंदुआ इलाके में धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर एक बार फिर जमीन धंसने(गोफ )की घटना सामने आई है. पहले से मौजूद गोफ के ठीक बगल में नया धंसान बन गया है, जिसमें तेजी से पानी भर रहा है. हालात ऐसे हैं कि गड्ढे का दायरा लगातार फैलता जा रहा है और पूरी सड़क खतरे की जद में आ चुकी है. एहतियातन प्रशासन ने सड़क के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी है, जिससे लोगों में डर का माहौल है.

LAND SUBSIDENCE IN DHANBAD

बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. करीब पंद्रह दिनों से यह मार्ग बंद पड़ा है और यातायात को दूसरे रास्तों से मोड़ा गया है, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाकपा माले के अरूप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो सहित कई नेताओं ने सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है.

बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को भी इसी जगह सड़क धंस गई थी. इससे पहले 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में हुए विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव हुआ था, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी. बीसीसीएल के प्रयासों के बावजूद स्थिति पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी है.

बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि लगातार बारिश से हालात और बिगड़ सकते हैं. प्रभावित इलाके के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है.