Newshaat_Logo

INDIA Block Rally: महारैली की भीड़ पर BJP विधायक नीरा यादव का तंज, बताया प्रायोजित!

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा विधायक नीरा यादव ने रैली में जुटी भीड़ पर तंज कसते हुए उसे प्रायोजित बताया. उन्होंने विपक्षी गठबंधन की रैली को लेकर सवाल उठाए और भाजपा की ओर से अपनी प्रतिक्रिया दी.  
 
JHARKHAND

Ranchi: दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर झारखंड में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत INDIA ब्लॉक के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के रैली में शामिल होने के बीच भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. नीरा यादव ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने रैली में जुटी भीड़ को स्वतःस्फूर्त मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने बसों में भरकर लोगों को दिल्ली पहुंचाया है।

बसों में भरकर दिल्ली भेजे गए लोग: नीरा यादव

भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि रामलीला मैदान में दिखाई दे रही भीड़ अपने आप नहीं जुटी है, बल्कि कांग्रेस नेताओं ने बसों के जरिए लोगों को दिल्ली भेजा है। इस दौरान उन्होंने झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और उनके पिता बंधु तिर्की का जिक्र किया।

नीरा यादव ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों कई बसों के जरिए लोगों को दिल्ली भेजने की बात सामने आई थी। उनके मुताबिक, इससे स्पष्ट होता है कि महारैली में दिखाई दे रही भीड़ को जुटाने के लिए पहले से व्यवस्था की गई थी।

INDIA ब्लॉक के नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व शिक्षा मंत्री ने INDIA ब्लॉक के नेताओं को अराजकतावादी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उनका दावा है कि इन योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सुधार हो रहा है, लेकिन विपक्षी दलों को यह बात स्वीकार नहीं हो रही है।

उन्होंने राहुल गांधी और उनके सहयोगी दलों पर भी निशाना साधा। नीरा यादव ने कहा कि गांवों में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का भरोसा कायम है।

युवाओं को गुमराह करने की कोशिश का लगाया आरोप

महारैली में बड़ी संख्या में युवाओं और किशोरों की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा विधायक ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर युवाओं को दिग्भ्रमित करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में देश के युवा विकास में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। वहीं, झारखंड की स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यहां JPSC और JSSC जैसी संस्थाओं के कारण युवाओं को नौकरी और रोजगार पाने में परेशानी हो रही है।

नीरा यादव ने विपक्षी नेताओं को सलाह दी कि वे दिल्ली में प्रदर्शन करने के बजाय अपने-अपने राज्यों में शासन व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दें।

महिला सुरक्षा को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना

दिल्ली में महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़े सवाल पर भी भाजपा विधायक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सिर्फ नेहा बोरा ही महिला नहीं हैं, बल्कि राज्य में दूसरी महिलाओं के साथ हुई घटनाओं पर भी चर्चा होनी चाहिए।

इस दौरान उन्होंने सरायकेला की घटना का उल्लेख करते हुए झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध और सुरक्षा के मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार को घेरा।

SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर हो रही महारैली

गौरतलब है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक की महारैली आयोजित की गई है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और SIR प्रक्रिया रद्द करने की मांग उठाई जा रही है। रैली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड के कई मंत्री, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए हैं।

वहीं, इस महारैली को लेकर भाजपा विधायक नीरा यादव के बयान के बाद झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।