मौसम विभाग की चेतावनी, 26 जुलाई तक झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका
Ranchi Weather Update: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 26 जुलाई तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. इसे देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को राज्य में कई स्थानों पर गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही दक्षिणी, मध्य और उत्तरी झारखंड के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. प्रभावित जिलों में रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं.

शनिवार 25 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की स्थिति बनी रह सकती है. इस दिन मुख्य रूप से दक्षिणी झारखंड के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिला अधिक प्रभावित रह सकते हैं.

रविवार 26 जुलाई को मौसम का प्रभाव और व्यापक हो सकता है. मौसम केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. वहीं दक्षिणी एवं निकटवर्ती मध्य झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. प्रभावित जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं.

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक वर्षा कोडरमा में 52.5 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा सिमडेगा के कुरडेग में 26.6 मिमी, जमशेदपुर में 25 मिमी और धनबाद के मैथन में 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम केंद्र के मुताबिक मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं. जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम सुहाना बना हुआ है.
रांची और जमशेदपुर के तापमान की स्थिति
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम दर्ज हुआ. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा.
डाल्टनगंज और बोकारो के तापमान का हाल
डालटनगंज में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है. यहां न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा. वहीं बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है. यहां न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.
पाकुड़ में सबसे ज्यादा और लातेहार में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे में पाकुड़ में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ है, जो 34.3 डिग्री रहा है. वहीं सबसे कम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम दर्ज किया गया.







