Movie prime

India vs South Africa ODI: रांची में टिकट बिक्री आज से शुरू, JSCA स्टेडियम के बाहर देर रात से लगी लंबी कतारें

 
India vs South Africa ODI: रांची में टिकट बिक्री आज से शुरू, JSCA स्टेडियम के बाहर देर रात से लगी लंबी कतारें

Jharkhand news: रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका एक दिवसीय मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है। मैच के टिकटों की ऑफलाइन बिक्री आज (25 नवंबर) सुबह 9:30 बजे से शुरू हो रही है। टिकट खरीदने के लिए सोमवार देर रात से ही स्टेडियम परिसर के बाहर क्रिकेट प्रेमियों की लंबी लाइनें लग गईं।

स्टेडियम में कुल छह टिकट काउंटर

JSCA ने स्टेडियम के बाहर छह टिकट काउंटर तैयार किए हैं:
    •    चार काउंटर आम दर्शकों के लिए
    •    एक काउंटर महिला दर्शकों के लिए
    •    एक काउंटर ऑनलाइन टिकट लेने वालों की सुविधा के लिए

इस बार दिव्यांग प्रशंसकों के लिए अलग काउंटर नहीं बनाया गया है। हालांकि, उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मी सहायता करेंगे और ज़रूरत पड़ने पर महिला या ऑनलाइन काउंटर से टिकट दिलवाएंगे।

काउंटर से 20 हजार टिकट उपलब्ध

स्टेडियम की कुल क्षमता लगभग 39,000 है, जिसमें से
    •    20,000 टिकट काउंटरों पर बेचे जाएंगे
    •    करीब 18,000 टिकट जिला संघों और JSCA के आजीवन सदस्यों के बीच बांटे जाएंगे (हर सदस्य को 5 टिकट)

टिकट बिक्री काउंटर तब तक खुले रहेंगे, जब तक सभी टिकट बिक नहीं जाते।

कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त नज़र

पिछले अंतरराष्ट्रीय मैच में टिकटों की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आई थीं। इस बार JSCA और जिला प्रशासन ने कड़ी निगरानी का फैसला किया है।
दर्शकों से अपील की गई है कि वे अधिक कीमत देकर टिकट न खरीदें। अक्सर स्टेडियम के आसपास रहने वाले कुछ लोग पहले से टिकट खरीद कर उन्हें महंगे दामों में बेचने की कोशिश करते हैं पर प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।